डायरेक्टर जनरल ऑफ पंजाब पुलिस सुरेश अरोड़ा
पंजाब में गैंगस्टरों की हिमाकत देखिए, मुख्यमंत्री के बाद अब कांग्रेसी विधायक को सरेआम जान से मारने की धमकी दी गई है। सुल्तानपुर लोधी के कांग्रेसी विधायक नवतेज सिंह चीमा को सुक्खा काहलवां गैंग के सक्रिय सदस्य रहे गैंगस्टर हरजोत सिंह और अमरबीर लाली ने धमकी दी है। माना जा रहा है विधायक का उनके गांव का होने के बावजूद आपराधिक मामलों में मदद न करने से ये गैंगस्टर नाराज हैं। थाना कबीरपुर की पुलिस ने रोजनामचे में रपट लिख ली है। फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार एक मई को गैंगस्टर हरजोत सिंह और अमरबीर सिंह लाली अपने पैतृक गांव बूस्सोवाल सुल्तानपुर लोधी आए थे। विधायक नवतेज सिंह चीमा के पूर्वज भी इसी गांव से हैं। विधायक चीमा के अनुसार इन दोनों गैंगस्टर ने पहले मैदान में खेल रहे युवाओं को हथियार दिखाते हुए धमकाया। गन प्वाइंट पर कुछ लोगों को जमीन पर नाक से लकीरें खींचवाईं। इसके बाद गांव की मिल्क सोसाइटी में बुजुर्गों को हथियारों से धमकाया और गांव के डॉक्टर को दुकान न बंद करने की सूरत में गोली मारने की धमकी दी। दोनों गैंगस्टरों पर पंजाब के विभिन्न थानों में दस-दस मामले दर्ज हैं। पंजाब के सभी थानों में दोनों गैंगस्टरों की जानकारी फोटो के साथ भेज दी गई है। मेरठ में भी ये दोनों असलाह एक्ट के तहत नामजद हैं।
सीएम के आदेश के बावजूद केस दर्ज नहीं
चीमा ने कहा कि उन्होंने इस बारे में मुख्यमंत्री के 26 मई को सुल्तानपुर लोधी दौरे के दौरान बता दिया था। इस पर सीएम ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई की ताकीद की थी, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। अभी तक गैंगस्टर के खिलाफ थाना कबीरपुर में महज रपट दर्ज की गई है। सीएम के आदेश के बाद जब दोनों गैंगस्टर के घरों पर पुलिस ने रेड की तो वहां कोई नहीं मिला।
इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है और न ही एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है।
- तेजबीर सिंह हुंदल, डीएसपी, सुल्तानपुर लोधी
इस पूरे घटनाक्रम का सख्त नोटिस ले कर प्रशासन को अलर्ट किया जाएगा, ताकि गैंगस्टर दोबारा सिर न उठा सकें।
- सुखजिंदर रंधावा, जेल मंत्री
पुलिस ने चेकिंग और मुस्तैदी बढ़ाई है। अलर्ट होने के साथ-साथ जांच पड़ताल के दौर में तेजी लाई गई है।
- जगजीत सिंह सरोआ, एसपी जांच