सीएम भगवंत मान से मिले पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी।
- फोटो : ANI
पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी ने सोमवार को नए मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। पंजाब विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद से पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी अपनी ही पार्टी में विरोध का सामना कर रहे हैं। वे खुद भदौड़ और श्री चमकौर साहिब से चुनाव हार गए थे। चन्नी को चुनाव से कुछ ही पहले सीएम पद सौंपा गया था। उन्हें कैप्टन अमरिंदर सिंह की जगह पद दिया गया था।
पंजाब कांग्रेस मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने मालवा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशियों और नेताओं की बैठक में हार के कारण पूछे तो कई नेताओं ने नवजोत सिंह सिद्धू, चरणजीत सिंह चन्नी और सुनील जाखड़ की सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी को हार का मुख्य कारण करार दिया था। बस्सी पठाना से कांग्रेस प्रत्याशी रहे गुरप्रीत सिंह जीपी ने कहा था कि चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर कांग्रेस ने सबसे बड़ी गलती की। उन्होने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को गुमराह किया गया। उन्होंने चन्नी को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। जीपी ने आरोप लगाया कि चन्नी ने उन्हें हराने के लिए बस्सी पठाना में करोड़ों रुपये खर्च किए। उन्होंने कहा कि चन्नी गरीब नहीं हैं। खरड़ में उनका महल देख सकते हैं।