फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला संवाद: 'जुनून पंजाब का' में बोले वित्तमंत्री-पंजाब उद्यमियों का राज्य, अगला इंफोसिस यहीं से आएगा

Mon, 07 Aug 2023 03:08 PM IST
निवेदिता वर्मा डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़

सार

वित्त मंत्री हरपाल सिंह ने कहा कि पंजाब में टैक्स की लूट को हमने खत्म कर पंजाब के लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी। हमने इंडस्ट्री के लिए ग्रीन सेल डीड रजिस्ट्री तैयार की है। इससे स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को एक ही जगह पर सारी अनुमति मिल जाएगी।
विज्ञापन
अमर उजाला संवाद पंजाब का तीसरा सत्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमर उजाला संवाद पंजाब के तीसरे सत्र जुनून पंजाब का में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भविष्य का रोडमैप रखा। बोले कि कभी कहा जाता था कि पंजाब का खजाना खाली है। डेढ़ साल में ही स्थिति बदल गई है। खजाना भरा हुआ है। चीमा के साथ पंजाब के उद्योगपति भी चर्चा में शामिल रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब उद्योगों का राज्य है। अगला इंफोसिस पंजाब से ही निकलेगा।
विज्ञापन

उद्योगों पर हुई चर्चा में वित्त मंत्री के साथ ड्यूक ग्रुप के चेयरमैन कोमल कुमार जैन और सीए अतुल गांधी भी उपस्थित रहे। 

हरपाल चीमा ने कहा कि पिछली सरकार के मंत्रियों ने सिर्फ नकारात्मकता फैला रखी थी। खजाना खाली होने की जब बात होती थी तो लोग भी निराश होते थे। मान सरकार ने शपथ लेने के बाद से ही पंजाब की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने का काम किया है। इसमें सफल भी रहे। तभी पहले साल में 30 हजार कर्मियों को नई नौकरी दी है। 

विज्ञापन


13 हजार शिक्षकों को पक्का किया। 6वां पे स्केल लागू किया। ये सब इसलिए हुआ, क्योंकि अरसे बाद पंजाब में कट्टर ईमानदारों की सरकार आई है। चीमा ने कहा कि हमारी सरकार ने जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया। सिर्फ खजाने की लीकेज को बंद किया है। उदाहरण के लिए पहले जो विधायक जितनी बार जीतते थे, उन्हें उतनी बार की पेंशन मिलती थी। मान सरकार ने एक विधायक, एक पेंशन लागू किया। इससे 20 करोड़ रुपये सालाना बचे। भले यह बहुत ज्यादा न हो, लेकिन युवाओं को संदेश गया कि सरकार अच्छा काम कर रही है। 

वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार नई एक्साइज पॉलिसी लेकर आई। राजस्व में 45 फीसदी का इजाफा हुआ। जीएसटी कलेक्शन भी पहली बार सबसे ज्यादा हुआ। लोगों के टैक्स का पैसा जो लूटा जा रहा था, हमने उसे बंद किया। उसकी वजह से ही लोगों को बिजली फ्री दे पा रहे हैं। ट्यूबवेल की बिजली मुफ्त दे रहे हैं। तीन हजार करोड़ रुपये उद्योगों के बिजली के लिए सब्सिडी दी है। चीमा ने कहा कि उद्योगों को जब तक आगे नहीं ले जाएंगे, पंजाब आगे नहीं जा पाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि इथेनॉल की 6 फैक्ट्रियों के लिए 24 घंटे में मंजूरी दी गई है। ये बताती है कि सरकार कितनी सक्रियता से काम कर रही है।

उस दौर में बिजनेस शुरू किया, जब टीशर्ट विदेश से आती थीः कोमल जैन
ड्यूक ग्रुप के चेयरमैन कोमल कुमार जैन ने कार्यक्रम में अपने कामयाबी के पीछे के राज बताए। कहा कि उन्होंने उस दौर में बिजनेस शुरू किया, जब लोग टी शर्ट विदेश से मंगाकर पहनते थे। बताया कि वर्ष 1962 में अंबाला से मैट्रिक करके लुधियाना में अपने मौसा के पास चले गए। तीन साल उनके पास काम किया और सीखा। 

15 साल की उम्र से ही काम करने लगे। 18 साल की उम्र में पहली बार अपना बिजनेस शुरू किया। 15 दिन ही हुए थे कि पिता की मृत्यु हो गई। किसी तरह खुद को संभाला और पहले बनियान, मफलर और फिर जर्सियां बनाई। अनुभव कलकत्ता से लिया। उस समय टी शर्ट विदेश से आती थी, वो हमने लुधियाना में बनानी शुरू की। काम अच्छा चला और आज 60 साल हो गए हैं। कोशिश है कि कंपनी के उत्पाद देश के सभी शहर में उपलब्ध हों। 

कोमल जैन ने कहा कि उन्होंने 60 साल पहले स्टार्टअप शुरू किया था। अन्य की मदद करने के लिए जीतो संस्था है बनाई, जिसके माध्यम से करीब 5000 स्टार्टअप शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार साथ दे रही है लेकिन अभी भी काफी कमी है। लुधियाना जैसे शहर में एयरपोर्ट नहीं है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार हलवारा एयरपोर्ट जल्द तैयार करेगी। इसी साल वहां से हवाई जहाज उड़ने लगेंगे।
विज्ञापन

टैक्स कलेक्शन को मजबूत करने की जरूरतः अतुल गांधी
सीए अतुल गांधी ने कहा कि पंजाब कई फील्ड में नंबर-1 है। इंटरनेट, सड़क, रेलवे कनेक्टिविटी काफी अच्छी है। टैक्सटाइल के काम में तो नंबर एक पर हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनसंख्या 2.8 करोड़ है और रोजाना 2.8 करोड़ लीटर दूध भी पंजाब पैदा करता है। ये सबसे ज्यादा है। उन्होंने वित्त मंत्री को सुझाव दिया कि वेरका को अमूल की तरह किया जाना चाहिए। अगर सरकार ऐसा कर पाने में सफल रहती है तो यह बहुत बड़ी इंडस्ट्री हो सकती है। वित्त मंत्री ने कहा कि ये अच्छा सुझाव है। सरकार वेरका को मजबूत करेगी और इसे देशभर में ले जाया जाएगा। जैन ने कहा कि पंजाब उद्योगों की धरती है। यहां के लोग खूब खर्च करते हैं लेकिन टैक्स कलेक्शन खर्च के साथ मैच नहीं करता। टैक्स कलेक्शन को मजबूत करने के लिए सरकार को आईटी की जरूरत है। आंकड़े कहते हैं कि इस फील्ड में काफी काम करने की जरूरत है। अतुल गांधी ने कहा कि कोमल जैन उद्योगपतियों का एक प्रतीक हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें