उधर, पठानकोट के हल्का भोआ से भाजपा की पूर्व विधायक सीमा कुमारी की कृषि कानूनों के हक में आयोजित बैठक का किसानों ने विरोध किया। बैठक स्थल तक न पहुंच पाने पर किसानों ने अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। एएसपी रूरल आदित्य, डीएसपी सुखजिंदर सिंह, डीएसपी परमजीत सिंह सैनी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे।
किसान संगठन बैठक खत्म करने की जिद पर अड़े रहे। दो घंटे के जाम के कारण नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को परमानंद से दीनानगर, नरोट जैमल सिंह रोड पर डायवर्ट करवा दिया गया। इसके कारण लोगों को 10 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। किसान जत्थेबंदियों ने सीमा कुमारी को तुरंत बैठक खत्म करने की चेतावनी दी। इस पर भाजपा ने किसानों द्वारा दिए गए समय पर मीटिंग खत्म कर दी।
अब आम लोगों को गुमराह कर रही भाजपा
किसान नेता और पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष गुरदयाल सिंह सैनी, किसान भलाई वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश उपाध्यक्ष हरदेव सिंह चिट्ठी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों के आंदोलन की अनदेखी की है। भाजपा के विधायक और पूर्व विधायक बैठकें कर किसानों के खिलाफ लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान मनजीत सिंह झेला, पिशोरा सिंह, बावा सिंह माजरा, बक्शी सिंह, भोला सिंह फूलपुर, शिरोमणि अकाली दल हल्का भोआ के एससी सेल के जिला अध्यक्ष हरदीप कुमार फूलपुर, सरपंच मुकेश कुमार फूलपुर मौजूद रहे।