कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को सुबह अमृतसर-जालंधर रोड पर स्थित मानावाला में वर्षों से चल रहे एक कारपोरेट घराने के पेट्रोल पंप पर किसानों ने कब्जा कर उसे बंद करवा दिया। वहीं किसानों-मजदूरों ने श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रास्ते में पड़ते गांव मीरांकोट में स्थित एक बड़े मॉल के बाहर भी धरना प्रदर्शन किया। बीते एक सप्ताह से मॉल के बाहर चल रहे प्रदर्शन के कारण सभी व्यवसायिक गतिविधियां ठप हो गई हैं। मॉल के स्थानीय प्रबंधकों ने मुख्य गेट पर ताले जड़ दिए हैं।
उधर, राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक के घर के बाहर चल रहे धरने में किसानों के समर्थन में पहुंचकर गायक हरफ चीमा ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। देवीदासपुर गांव के रेल ट्रैक पर धरने पर बैठी संघर्ष कमेटी का प्रदर्शन 12वें दिन भी जारी रहा। वहीं कस्बा महिलकलां में बरनाला-लुधियाना रोड पर स्थित टोल प्लाजा पर पिछले चार दिनों से चल रहे किसान धरने को संबोधित करते वक्त आरएमपीआई के सूबा कमेटी सदस्य व जमहूरी किसान सभा के जिला महासचिव मास्टर जसपाल सिंह की अचानक मौत हो गई।