सोनीपत के कुंडली में आंदोलनरत एक और बुजुर्ग किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सुबह टीडीआई सिटी के पास स्थित टेंट में मृत मिले थे। सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। किसान दो दिन पहले ही अपने पौत्र के साथ आंदोलन में शामिल होने पंजाब से आया था।
पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव बद्दीसुरा का किसान मलकीत सिंह (65) पौत्र गुरमन सिंह (17) के साथ 22 फरवरी को कुंडली बार्डर पर पहुंचे थे। वह टीडीआई सिटी के पास टेंट में रुके थे। मंगलवार रात को मलकीत सिंह खाना खाकर अपने टेंट में सोए थे। बुधवार सुबह वह नहीं उठे तो उन्हें साथी किसानों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मामले की सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। शुरुआती जांच में किसान की मौत हार्ट अटैक से लग रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। कुंडली धरनास्थल पर अब तक 22 किसानों की मौत हो चुकी है।
मलकीत के पास चार एकड़ जमीन
सामान्य अस्पताल में पहुंचे मलकीत सिंह के साथियों ने बताया कि मलकीत सिंह के पास अपनी चार एकड़ जमीन है। वह अपनी जमीन के साथ ही अन्य किसानों की जमीन को पट्टे पर लेकर खेती करते हैं। उनका इकलौता बेटा भी खेतीबाड़ी करता है। मलकीत सिंह अपने पौत्र को साथ लेकर धरने पर किसानों को समर्थन देने पहुंचे थे।
कुंडली धरनास्थल पर मौजूद किसान की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।