कैप्टन अमरिंदर सिंह, कन्हैया कुमार व विराट कोहली।
- फोटो : फाइल
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस के फायर ब्रांड नेता कन्हैया कुमार ने शुक्रवार को पंजाब के रायकोट में जनसभा की। उन्होंने यहां पूर्वांचलियों को रिझाने की कोशिश की। इस दौरान पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर तंज कसते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि जिस तरह कमजोर प्रदर्शन के चलते विराट कोहली को देश की क्रिकेट टीम की कप्तानी से हाथ धोना पड़ा, उसी तरह कैप्टन अमरिंदर को भी चलता कर दिया।
कैप्टन अमरिंदर मोदी सरकार की कठपुतली बन चुके थे, उन्हें कांग्रेस हाईकमान ने सही जगह दिखाई है। अब वे भाजपा की मदद से अपनी राजनीतिक राह तलाश रहे हैं लेकिन 10 मार्च को सेवानिवृत्त होकर घर बैठ जाएंगे।
‘जिन रेलवे स्टेशनों पर मोदी ने चाय बेची, अब उन्हें भी बेच दिया’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक गरीब चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर बहुत बड़ा फैसला लिया है। प्रत्याशी कामिल अमर सिंह बोपाराय के समर्थन में चुनावी रैली के दौरान कन्हैया कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के जिन रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने के दावे कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की भावना से खिलवाड़ किया, अब उन्हें बेचकर अपने अमीर मित्रों के हवाले कर रहे हैं।
मोदी की ब्रांडिंग करते करते उन्हें भगवान बनाने की साजिश के तहत हर हर महादेव की जगह हर हर मोदी नारा दिया गया। तीन कृषि कानून के खिलाफ संघर्ष में जीत हासिल कर पंजाब ने मोदी सरकार को झुकने पर विवश किया। पंजाब सहित पांच राज्यों के चुनावी फैसले मोदी सरकार को देश की सत्ता से हटाने की नींव रखेंगे।