पंजाब लोकसंपर्क विभाग के एक पीआरओ की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट संक्रमित आने के बाद पंजाब सिविल सचिवालय की पांचवीं मंजिल पर स्थित विभाग के कार्यालय के उक्त पीआरओ समेत 12 अन्य मुलाजिमों को भी पांच दिन के लिए एकांतवास में भेज दिया गया है। इसके साथ ही उक्त पीआरओ जहां बैठते थे, उस कमरे को सील कर दिया गया है।
शुक्रवार को सचिवालय की पांचवीं मंजिल पर लोक संपर्क विभाग के सीनियर अधिकारियों के कमरों को भी सैनिटाइज किया गया और बाकी पीआरओ को अगले कुछ दिन तक घर से ही काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि लोकसंपर्क विभाग के मुलाजिम के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर से पंजाब सचिवालय में हड़कंप की स्थिति है, क्योंकि इस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधे तौर पर सरकार के आला अफसरों और मंत्रियों से तालमेल बनाकर काम करते हैं। विभाग के पीआरओ सीधे तौर पर विभिन्न विभागों की सूचनाओं के लिए संबंधित मंत्रियों के जुड़े होते हैं। इसे देखते हुए पंजाब सचिवालय में उक्त मामले के सामने आने के बाद बचाव की नई रणनीति पर विचार शुरू हो गया है।
जालंधर में कोरोना से चार की मौत, 103 मरीज संक्रमित मिले
जालंधर में शुक्रवार को शहर में कोरोना से 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 103 मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिसमें लाल बाजार की 65 वर्षीय महिला और हरनाम दास पुरा की 62 साल की महिला शामिल है। ताजा मामलों के साथ जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 3730 और मरने वालों का आंकड़ा 98 तक पहुंच गया है। जालंधर में कोरोना के मरीजों की संख्या रोजाना 100 से अधिक आ रही है।
जिले में कोरोना के मरीजों और मरने वालों की बढ़ती तादाद को देखते हुए प्रशासन व सेहत विभाग सकते में आ गया है। प्रशासन व विभाग ने कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या पर काबू पाने के लिए पुख्ता कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने दवा विक्रेताओं व मोहल्ला क्लीनिकों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया शुरू की है। दवा विक्रेताओं और गली मोहल्ले में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टरों को नजला, बुखार, खांसी, जुकाम व कोविड-19 से संबंधित लक्षणों वाले मरीजों की जानकारी कंट्रोल रूम मे देना अनिवार्य कर दिया है।
डीसी घनश्याम थोरी ने बताया कि इन लक्षणों के साथ मरीज सबसे पहले दवा विक्रेताओं और गली मोहल्ला के डॉक्टरों के पास इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीज की जांच पड़ताल कर उसे दवा देने व काउंसिलिंग करने के बाद उसकी जानकारी स्टेट, जिला कोविड तथा जिला कंट्रोल रूम के नंबरों पर देना अनिवार्य कर दिया है।
इसके बाद विभाग की टीमें मरीज की स्क्रीनिंग करेगी, उसकी हालत के आधार पर अस्पताल में इलाज करवाया जा सकता है। इससे दूसरे लोगों को कोविड -19 के संकट से बचाना संभव है। मरीजों की जानकारी कंट्रोल रूम में न देने वाले दवा विक्रेताओं और गली मोहल्ला के डॉक्टरों के खिलाफ धारा 144 की उल्लंघना करने का मामले दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुक्तसर में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि जारी है। शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण ने जिले में दस नए कोरोना मरीजों की पुष्टि की है। जबकि पांच मरीज स्वस्थ हो गए हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि अब तक 17,185 लोगों के सैंपल लिए जा चुके है। जिसमें से 15,940 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है तथा 367 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जिसमें से 257 लोग ठीक होकर अपने-अपने घरों को जा चुके है।
डॉ. सिंह ने बताया कि अब 107 कोरोना के केस एक्टिव हैं। शुक्रवार को 190 की रिपोर्ट आई है। जिसमें से 10 लोगों के सैंपल पॉजिटिव पाए गए है व
पांच लोग और स्वस्थ हो चुके हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में पॉजिटिव आए मरीजों में चार मरीज मुक्तसर के, एक गांव गिलजेवाला, एक मल्लन, एक समाघ, एक आसा बुट्टर, एक दोदा तथा एक मरीज गांव कोटली अबलू का है। सिविल सर्जन ने बताया कि 15 मरीज गांव थेहड़ी के अस्पताल में, दस मरीज मुक्तसर के कोविड वार्ड में, 54 मरीज घरों में आइसोलेट तथा अन्य जिलों में नौ मरीज दाखिल है।
20 पॉजिटिव मरीज, 1 की मौत
होशियारपुर में शुक्रवार को 20 नए कोविड-19 सकारात्मक रोगियों के साथ मरीजों की कुल संख्या 784 तक पहुंच गई है, जबकि गांव रोड़ियां की रहने वाली एक 66 वर्षीया कोविड-19 मरीज की मौत हुई है। सिविल सर्जन डा. जसवीर सिंह ने बताया कि जिले में सामने आए 20 नए मामलों में 2 मामले भुंगा से, 4 मुकेरियां, 1 गढ़शंकर, 2 जहान खेलां, 1 मेहटियाना, 1 मंड-पंधेर, 3 दसूहा, पंडोरी से 1, होशियारपुर शहर में गौतम नगर, गुरु गोविंद सिंह नगर और टिब्बा साहब से एक-एक मरीज (कुल-3) और जहान खेलां से 2 सकारात्मक मामले आए हैं। जिले के गांव रोड़ियां में रहने वाली एक 66 वर्षीय महिला की मौत हो गई। उसका 11 अगस्त को टेस्ट किया गया था और वह पाजिटिव पाई गई थी। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।
फरीदकोट में शुक्रवार को 20 और व्यक्तियों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है जिनमें से फरीदकोट के 10, कोटकपूरा के 6 और विभिन्न गांवों के चार व्यक्ति शामिल है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि सेहत विभाग ने 8 मरीजों को ठीक होने के चलते डिस्चार्ज करके घर भेज दिया है। अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 510 हो चुकी है जिनमें से 346 ठीक हो चुके है और एक की मौत हो चुकी हैं, जबकि अभी 163 एक्टिव केस हैं।
पठानकोट में 1 की मौत, 21 नए संक्रमित
पठानकोट में शुक्रवार शाम आई रिपोर्ट में 21 नए संक्रमित सामने आए। जिले में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 708 पहुंच गया है। वहीं, ढांगू चक्की पुल के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। उक्त महिला की हालत बिगड़ने पर उसे जीएमसीएच अमृतसर में भर्ती करवाया गया था जहां सुबह तड़के साढ़े 6 बजे उसकी मौत हो गई। पठानकोट में कोरोना के चलते यह 16वीं मौत है। वहीं, सैंपलिंग के लिए सेहत विभाग ने कंटेनमेंट जोन घोषित किए मोहल्ला घरथौली में कैंप लगाया था लेकिन लोगों ने विरोध जताया और सेहत विभाग की टीम के सामने नारेबाजी की और उन्हें सैंपल देने से मना कर दिया। जिसके चलते सेहत विभाग की टीम बैरंग लौट गई।
बठिंडा में 163 संक्रमित केस आए, दो की मौत
बठिंडा में शुक्रवार को 163 नए कोरोना संक्रमित मामले आए। जबकि दो कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हो गई। इसकी पुष्टि डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने की। कोरोना से मरने वालों की संख्या जिले में 19 हो गई है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मौजूूूदा समय में कोरोना के 542 एक्टिव केस है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 37 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है।
लुधियाना में कोरोना के नए केस 247, 9 लोगों की मौत
लुधियाना में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब तक कोरोना की संख्या छह हजार के पार हो चुकी है। महानगर में शुक्रवार को 247 नए केस सामने आए है। जिनमें से 228 केस लुधियाना से संबंधित हैं, जबकि 19 अलग अलग शहरों और राज्यों के हैं। वहीं नौ लोगों की मौत हो गई है। इसमें से सात लोग लुधियाना शहर से है और दो लोग बाहरी राज्यों से हैं। सात लोगों की मौत होने के बाद मौतों का आंकड़ा 214 पहुंच गया है। डीसी लुधियाना वरिंदर कुमार शर्मा ने यह जानकारी दी।