Punjab CM Captain Amarinder Singh
- फोटो : File Photo
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के जिले में कांग्रेस ने रविवार को हुए पटियाला नगर निगम, घग्गा व घन्नौर नगर पंचायत चुनावों में बड़ी जीत दर्ज की। पटियाला नगर निगम के कुल 60 वार्डों में से 58 में कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, वहीं घन्नौर के 11 वार्डों में से कांग्रेस पार्टी के 10 और भाजपा का एक उम्मीदवार जीता।
घग्गा नगर पंचायत के 13 वार्डों में से कांग्रेस ने आठ में जीत दर्ज की, वहीं भाजपा के दो, अकाली दल का एक और दो आजाद उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इससे पहले पटियाला में 62.22 फीसदी वोटरों ने अपने मत का इस्तेमाल किया, जबकि नगर पंचायत घग्गा में 90 फीसदी और घन्नौर नगर पंचायत में 80.6 फीसदी मतदान हुआ।
जिला चुनाव अधिकारी व डीसी कुमार अमित ने बताया कि नगर निगम पटियाला के 60 वार्डों में से 58 में कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। इनमें से तीन वार्डों 41, 42 और 47 में कांग्रेस के उम्मीदवार बिना मुकाबले विजेता घोषित किए जा चुके थे। पटियाला के वार्ड नंबर 37 के एक बूथ की इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण राज्य चुनाव आयोग की ओर से आयोग की ओर से दोबारा चुनाव कराने का फैसला किया गया है, जबकि वार्ड नंबर 14 का नतीजा आना अभी बाकी है।
डीसी ने बताया कि नगर पंचायत घग्गा में कांग्रेस पार्टी के आठ, भाजपा के दो, अकाली दल का एक और दो आजाद उम्मीदवार विजेता रहे हैं। इसी तरह से नगर पंचायत घन्नौर के कुल 11 वार्डों में से कांग्रेस पार्टी के पांच उम्मीदवार पहले ही बिना मुकाबले विजेता बन गए थे। जबकि आज चुनावों के बाद घोषित बाकी के वार्डों के नतीजों में कांग्रेस ने पांच, भाजपा के एक उम्मीदवार ने जीत हासिल की है।