भारतीय संविधान डॉ. अंबेडकर की मेहनत, समर्पण का नतीजा था और उन्होंने इसके द्वारा पूरी मानवता का प्रतिनिधित्व किया। हमें डॉ. अंबेडकर के जीवन से सीख लेनी चाहिए कि कैसे कठिन हालात में भी ऊंचे स्थान हासिल किए जा सकते हैं। पंजाब सरकार की तरफ से कपूरथला में डॉ. बीआर अंबेडकर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट स्थापित करने का एलान किया। इसके लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की सहायता ली जाएगी। उन्होंने स्कूल ऑफ अंबेडकर थॉटस और भारत रत्न डॉ. बीआर अंबेडकर सेंटर फार रिसर्च की दोआबा में स्थापना का एलान किया।
कपूरथला को मैनेजमेंट कॉलेज की सौगात
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को इंद्रकुमार गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (पीटीयू) में राज्यस्तरीय 7वें मेगा रोजगार मेले दौरान कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने मंच से कपूरथला में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट (आईआईएम) के सहयोग से मैनेजमेंट कॉलेज स्थापित करने का एलान किया। वहीं मेडिकल कॉलेज कपूरथला का नींव पत्थर जल्द रखने का एलान किया।
यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर के नए खुलासे: कहा- तीन हफ्ते पहले ही इस्तीफे की पेशकश की थी, सिद्धू के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतारूंगा
उन्होंने सुल्तानपुर लोधी में आईटीआई की स्थापना और भुलत्थ में 10 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई की स्थापना की घोषणा की। कपूरथला विधायक राणा गुरजीत सिंह के शहरी ढांचे के विकास के आग्रह मानते हुए सीएम चन्नी ने कपूरथला शहर को विशेष तौर पर 10 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए देने का एलान किया और बिजली की हाईटेंशन तारों हटाने के लिए भी चार करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चौथा दर्जा कर्मचारियों की भर्ती नियमित होगी और ठेके पर नहीं रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार इंद्र कुमार गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (पीटीयू) में आयोजित 7वें मैगा रोजगार मेले में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को सिक्योरिटी प्रोटोकॉल तोड़ स्टेज पर जाकर भांगड़ा डाला। मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के बुलावे पर सिक्योरिटी के मना करने के बावजूद युवाओं की बात मानकर स्टेज पर चढ़ जमकर भांगड़ा डाला। करीब 22 सेकेंड तक युवाओं के साथ भांगड़ा डालकर सीएम ने उनका हौसला भी बढ़ाया।
सीएम चन्नी का भांगड़ा लवर होना जगजाहिर है। मुख्यमंत्री अपने साथी मंत्रियों, सांसदों व विधायकों के साथ बैठकर भांगड़े की पेशकारी का आनंद उठा रहे थे कि बीच में से भांगड़ा टीम के एक सदस्य ने उन्हें स्टेज से भांगड़ा डालने का आग्रह किया फिर एक सदस्य उन्हें लेने नीचे आया तो सिक्योरिटी ने उसे लौटा दिया। तीसरी बार फिर एक सदस्य के आग्रह को सीएम मना नहीं कर पाए और उसके साथ स्टेज पर चढ़कर भांगड़ा डालने लगे। उन्होंने पूरी भांगड़ा टीम की जहां हौसला अफजाई की, वहीं उन्हें गले लगाकर प्यार भी दिया।