मोरिंडा में रैली के दौरान सीएम चरणजीत चन्नी।
- फोटो : twitter @CHARANJITCHANNI
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मंगलवार को मोरिंडा में आंगनबाड़ी वर्करों, मिनी वर्करों और हेल्परों को सरकार की तरफ से मिल रहे वेतन में बढ़ोतरी का एलान किया। सीएम ने आंगनबाड़ी वर्करों के मासिक मानदेय में 1,400 रुपये की वृद्धि की घोषणा की। पहले उन्हें 8100 रुपये मिलते थे जो अब बढ़कर 9500 रुपये कर दिए गए हैं।
मोरिंडा में सीएम चन्नी ने मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक हजार रुपये और आंगनवाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में 1,050 रुपये की वृद्धि का एलान किया। मिनी वर्कर के वेतन में एक हजार रुपये बढ़ोतरी कर 5300 से 6300 रुपये कर दिए गए हैं। जबकि हेल्परों के वेतन में 1050 रुपये का विस्तार करते हुए 4050 से 5100 रुपये कर दिया गया है। सीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्करों के वेतन में हर साल 500 रुपये जबकि मिनी वर्करों और हेल्परों के वेतन में 250 रुपये हर साल विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य कर्मचारियों के मसलों का हल किया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल को कोरोना हुआ, हमें कोरोना नहीं लेना
इस दौरान सीएम चन्नी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को कोरोना हो गया है और वह उन की अच्छी सेहत की कामना करते हैं। पंजाब के बाहर से आकर लोग राज करना चाहते हैं पर हमें कोरोना नहीं लेना है। पत्रकारों के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बढ़ रहे कोरोना के मामलों पर कहा कि दिल्ली में कोरोना बढ़ रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री के कोरोना पॉजिटिव होने पर उनके साथ बात भी की है। पंजाब के बाहर से कोरोना न आए इसके लिए पाबंदियां लगाई जा रही हैं।