पंजाब के विकास प्रति पिछली बादल सरकार की तरफ से दिखाई गई उदासीनता की राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तीखी आलोचना की। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने व नौकरियों के अवसर पैदा करने अपनी वचनवद्धता को दोहराया।
वह बुधवार को मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित क्वार्क सिटी में बनाए जा रहे नए व्यापारिक केंद्र के भूमि पूजन समारोह में पहुंचे हुए थे। उन्होंने क्वार्क सिटी की तरफ से रोजगार पैदा करने के लिए किए जा रहे योगदान की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा यह केंद्र आईटी का हब बनेगा। यहां कंपनियों को कामकाज के लिए बढ़िया माहौल मुहैया करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्रों को ट्राइसिटी में उच्च स्तरीय दफ्तरी बुनियादी ढांचे की मांग लगातार बढ़ रही है। इसको ध्यान में रखकर ही क्वार्क सिटी के चेयरमैन फ्रैड इब्राहिम ने उक्त प्रोजेक्ट तैयार करने मेें दिलचस्पी दिखाई है।
2002 में फ्रैड से हुई अपनी मुलाकात को ताजा करते हुए सीएम ने कहा कि क्वार्क सिटी विकसित करने की उनकी वचनवद्धता राज्य के लिए एक संपत्ति है। उन्होंने कहा कि इनकी तरफ से पचास हजार नौकरियां पहले ही पैदा की जा चुकी हैं। पच्चीस हजार नौकरियां और पैदा करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि फ्रैड का सूबे के विकास में योगदान बहुत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि इससे केवल बहुत ज्यादा वेतन वाले प्रोफेशन लोग ही नहीं बल्कि निर्माण, इंजीनियरिंग, डिलाइन व इमारत सेवाएं संबंधी भी नौकरियां पैदा होगी।