कैप्टन अमरिंदर सिंह और राहुल गांधी (फाइल फोटो)
राहुल गांधी के कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे को एक बार फिर दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अब कांग्रेस को बढ़िया ढंग से आगे ले जाने के लिए किसी युवा नेता को कमान सौंपने की पैरवी की है।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की जगह पर किसी करिश्माई युवा नेता को लाने की कांग्रेस वर्किंग कमेटी से अपील की है, जो समूचे भारत में अपनी अपील और निचले स्तर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह भर सके।
उन्होंने कहा कि युवा नेता के नेतृत्व में ही कांग्रेस दोबारा सत्तासीन हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं की संख्या में दुनिया में अग्रणी है। ऐसे में एक युवा नेता लोगों की ख्वाहिशों को ज्यादा प्रभावी ढंग से समझ सकता है और उनके साथ अच्छे से जुड़ सकता है।
पार्टी लीडरशिप में किसी भी तरह का बदलाव लाजिमी तौर पर भारत की सामाजिक वास्तविकता से प्रतिबिंबित होनी चाहिए, जिसकी 65 प्रतिशत जनसंख्या की आयु 35 वर्ष से कम है।
कैप्टन ने कहा कि राहुल का अपने इस्तीफे पर अड़े रहने का फैसला बहुत ज्यादा निराशाजनक है और यह पार्टी के लिए बहुत नुकसानदेह है। इस स्थिति में से सिर्फ किसी अन्य गतिशील युवा नेता के अधीन ही उबरा जा सकता है। कैप्टन ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कांग्रेस को युवा नेता की जरूरत है।