पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को वायरल बुखार के चलते डाक्टरों ने बेड-रेस्ट की सलाह दी है। बुधवार दोपहर कैप्टन को बुखार और शरीर में दर्द के कारण पीजीआई ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें बताया कि उन्हें रूटीन वायरल बुखार है। डाक्टरों ने पीजीआई के नेहरू ब्लॉक की पांचवी मंजिल स्थित कमरा नंबर 69 में अलग-अलग कई टेस्ट किए।
इन सभी टेस्ट की रिपोर्ट नार्मल आई है। पीजीआई के डॉक्टरों ने बताया कि सीएम 76 साल के है और साल में दो बार अपने रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आते हैं। सीएम को शुगर की भी शिकायत है लेकिन वह भी बुधवार को टेस्ट के दौरान नार्मल पाई गई। इसके बाद पीजीआई के डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री को कुछ दिन आराम करने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने बताया कि बुखार के कारण मुख्यमंत्री को पीजीआई में चेकअप के लिए ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि डाक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्हें रूटीन वायरल बुखार है। डाक्टरों ने मुख्यमंत्री को दवाओं के साथ-साथ बेड-रेस्ट की सलाह दी है।