पंजाब में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हमें दूसरी लहर के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि 1918 में स्पेनिश फ्लू भी चार चरण में आया था। कैप्टन ने चेतावनी दी है कि हमें एक लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। राज्य में कोविड की मौजूदा स्थिति को लेकर शुक्रवार को बुलाई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण समय में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद दिया और विश्वास व्यक्त किया कि उनके सामूहिक प्रयासों से पंजाब महामारी का सामना करने में सफल होगा। उन्होंने अपील की है कि कृपया सुरक्षित रहें, टीका लगवाएं और अपना ख्याल रखें, क्योंकि आप दूसरों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी अपने कंधे पर लेते हैं।
बैठक में मौजूद लुधियाना के डीसी ने कहा कि जिले में सभी स्वास्थ्य संस्थानों को स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया गया है। जालंधर के डीसी ने कहा कि जिले में कोरोना टेस्ट प्रतिदिन 5000 तक किए जा रहे हैं। वहीं मैरिज पैलेसों में कोरोना निरीक्षकों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी फुटेज को 45 दिनों तक बरकरार रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पुलिसकर्मियों के टीकाकरण के बाद संक्रमण की दर में कमी आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से परिवहन विभाग को मास्क उल्लंघन के मामले में चालान करने का अधिकार देने का आग्रह किया।
पटियाला में इस महीने संक्रमण की दर पांच फीसदी है। इसका जिक्र पटियाला के डीसी ने बैठक के दौरान किया। उन्होंने कहा कि पटियाला निगम क्षेत्र से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। जिला प्रशासन अगले कुछ दिनों में प्रतिदिन 4000 तक सैंपलिंग बढ़ाने जा रहा है। मोहाली और अन्य जिलों के डीसी ने भी अपने-अपने जिलों की स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी और वहां कोविड का प्रसार रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी उल्लेख किया।