फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Patiala News: सीएम मान बोले- कैप्टन ने मोती महल के सौंदर्यीकरण पर खर्च किया, मगर पटियाला का बुरा हाल

Fri, 20 Jan 2023 08:34 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)

सार

भगवंत मान ने कहा कि शहर में बन रहे अत्याधुनिक बस अड्डे का 93 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एक अप्रैल तक इस बस स्टैंड को शुरू कर दिया जाएगा। सीएम ने बताया कि इस अड्डे में लिफ्ट और रैंप जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
विज्ञापन
पटियाला पहुंचे सीएम भगवंत मान। - फोटो : @BhagwantMann
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को पटियाला में पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर जमकर हमला बोला। सीएम मान ने कहा कि कैप्टन ने अपने मोती महल को आकर्षक बनाने व रंग-रोगन पर लाखों रुपये खर्च कर डाले लेकिन उनके शहर में नरक जैसी स्थिति है। सड़कों का बुरा हाल है और सीवरेज की कोई व्यवस्था नहीं है लेकिन जब से पंजाब में आप की सरकार बनी है, खासतौर से पटियाला के रुके सभी विकास प्रोजेक्टों को पूरा कराया जा रहा है।

विज्ञापन


मान ने शहर के विकास के लिए 167 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों के चल रहे कामों की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में नए बस अड्डे और सड़कों के निर्माण, ड्रेन के चैनलाइजेशन और सौंदर्यीकरण के प्रोजेक्ट, मुसाफिर मेमोरियल सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी में डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण और अन्य प्रोजेक्ट काफी लंबे समय से अटके थे लेकिन उनकी सरकार ने इन प्रोजेक्टों को तेज गति से आगे बढ़ाया है।

भगवंत मान ने कहा कि शहर में बन रहे अत्याधुनिक बस अड्डे का 93 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एक अप्रैल तक इस बस स्टैंड को शुरू कर दिया जाएगा। सीएम ने बताया कि इस अड्डे में लिफ्ट और रैंप जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इस अड्डे से 1500 बसें चलेंगी और लोगों को बड़े स्तर पर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा बस अड्डे को शहर की शटल बस सेवा के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे शहर के अलग-अलग हिस्सों को बस सेवा चलाई जाएगी।

विज्ञापन
Trending Videos

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर निवासियों को 24 घंटे नहरी पानी की सप्लाई को सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए 342 करोड़ के प्रोजेक्ट में सड़कों के पुन: निर्माण पर 20 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे। यह प्रोजेक्ट भी जल्द ही लोगों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने मॉडल टाउन ड्रेन के चैनलाइजेशन और सौंदर्यीकरण का प्रोजेक्ट 31 मार्च तक मुकम्मल करने का आदेश दिया। इसके अलावा ऐतिहासिक राजिंदरा झील को विश्वभर के लोगों के लिए पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा। 

भगवंत मान ने कहा कि मुसाफिर मेमोरियल सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी के डिजीटलाइजेशन पर 8.26 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सीएम ने साफ किया कि अगर निर्धारित समय में यह सभी प्रोजेक्ट मुकम्मल न हुए तो अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भादसो रोड पर टिवाना चौक में माडल टाउन ड्रेन के नवीनीकरण का नींव पत्थर रखा।

हॉकी खिलाड़ियों पर सीएम मान का बड़ा एलान
सीएम भगवंत मान ने शुक्रवार को पटियाला में हॉकी वर्ल्डकप खेलने गई भारतीय टीम के खिलाड़ियों को लेकर बड़ा एलान किया है। मान ने कहा कि वर्ल्डकप में गोल्ड मेडल जीतने पर टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 80-80 लाख रुपये का पुरस्कार उनकी सरकार देगी। वहीं सिल्वर मेडल जीतने पर प्रत्येक खिलाड़ी को 55-55 लाख रुपये और कांस्य पदक हासिल करने पर 40-40 लाख रुपये दिए जाएंगे। 

मान ने कहा कि पंजाब की आप सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेड़ां वतन पंजाब दियां का आयोजन कराया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में खिलाड़ियों को सरकार से हर संभव मदद दी जाएगी।
विज्ञापन

भगवंत मान पर कैप्टन का पलटवार
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मान उनके कार्यकाल में शुरू विकास कार्यों को ही गिना गए हैं। कैप्टन के साथ ही उनकी बेटी भाजपा नेता जयइंदर कौर ने भी मुख्यमंत्री मान के बयान पर तंज कसा है।

कैप्टन ने ट्वीट किया कि कैसी विडंबना है! भगवंत मान पटियाला आते हैं और कहते हैं कि मैंने शहर के लिए कुछ नहीं किया है और फिर एक ही सांस में उन्हीं परियोजनाओं की घोषणा करते हैं, जो मैंने अपने कार्यकाल के दौरान शुरू की थीं और पूरी होने वाली हैं।

कैप्टन के इस ट्वीट के कुछ देर बाद ही उनकी बेटी जयइंदर कौर ने कहा कि भगवंत मान जी आप आज यह तो कह गए कि पटियाला में कोई विकास नहीं हुआ है और पटियाला के लिए अपनी सरकार के विकास कार्य भी गिना गए लेकिन यह बताना भूल गए कि यह सारे विकास कार्य कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुरू किए थे और ज्यादातर पहले ही पूरे होने के करीब हैं! भले ही वह नया बन रहा बस स्टैंड हो, 24 घंटे पीने वाले नहरी पानी का प्रोजेक्ट हो या फिर राजिंदरा झील के नवीनीकरण का काम। जयइंदर कौर ने कहा- लोगों को अपने झूठ और फरेब से गुमराह करने की कोशिश करनी बंद करें और अपने द्वारा शुरू किया कोई एक भी नया काम गिनवाएं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें