नौजवान पीढ़ी को बलिदान के बारे में जागरूक करने की जरूरत
दुनिया भर के इतिहास में ऐसी कोई मिसाल नहीं मिलती जब छोटे साहिबजादों की उम्र में किसी अन्य ने अतुलनीय बलिदान दिया हो। भगवंत सिंह मान ने कहा उनका खुद का सौभाग्य है कि उनको राज्य और लोगों की सेवा करने का अवसर मिला और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
मान ने कहा कि उनकी सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए महान गुरु साहिबान और शहीदों द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चल रही है। यह भी कहा कि लोकसभा सदस्य होते हुए उन्होंने तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के ध्यान में श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के छोटे साहिबजादों को श्रद्धांजलि भेंट करने की गुजारिश की थी। नौजवान पीढ़ी को इस बेमिसाल बलिदान के बारे में जागरूक करने की जरूरत है जिससे उनको देश की निस्वार्थ सेवा करने के लिए प्रेरित किया जा सके।
जुल्म से लड़ने की प्रेरणा देता है साहिबजादों का बलिदान: राजा वड़िंग
छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी, बाबा फतेह सिंह जी और माता गुजरी जी की शहादत को नमन करने शहीदी सभा के दूसरे दिन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पार्टी नेताओं के साथ गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि सरबंसदानी श्री गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादों व माता गुजरी जी की शहादत की धरती फतेहगढ़ साहिब विश्व में विशेष महत्व रखती है। इतिहास की दृष्टि से जहां पूरी दुनिया से संगत उन्हें श्रद्धांजलि देने आती है ऐसी शहादत की मिसाल पूरी दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलती।
साहिबजादों के बलिदान से हमें जुल्म के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपील की अपनी अमीर विरास्त से जुड़े और अपना बहुमूल्य योगदान दें। उनके साथ फतेहगढ़ साहिब के पूर्व विधायक कुलजीत सिंह नागरा, सांसद डॉ. अमर सिंह, पूर्व विधायक व जिला अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह जीपी, ब्लॉक अध्यक्ष गुरमुख सिंह पंडराली, पूर्व जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस परमिंदर सिंह नोनी जल्ला व अन्य मौजूद रहे।