जालंधर में कर्मचारी नेता नजरबंद।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज जालंधर के दौरे पर हैं। बुधवार को अमृतसर में शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन के बाद जालंधर में मुख्यमंत्री के दौरे पर कोई असर न पड़े इसके लिए प्रशासन ने पहले ही नेताओं को नजर बंद कर दिया है। मान और केजरीवाल गुरुवार को व्यापारियों से बैठक के लिए जालंधर आ रहे हैं। दोनों सीएम बजट के लिए उद्योगपतियों से उनके सुझाव मांगेंगे और उनकी मांगों को सुनेंगे।
यह भी पढ़ें: कर्नल मनप्रीत सिंह: 2016 में आतंकी बुरहान वानी को किया था ढेर, बहादुरी की मिसाल थे कर्नल मनप्रीत
उससे पहले ही सरकार ने विभिन्न विभागों के कर्मचारी नेताओं का उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खलल का अंदेशा प्रशासन को पहले ही था। जिनके इनपुट पर सरकार कर्मचारी यूनियनों के नेताओं को घरों में बंद कर दिया है। सर्व शिक्षा अभियान नान टीचिंग स्टाफ यूनियन के प्रधान शोभित ने बताया कि वह दफ्तर के लिए निकलने वाले थे कि उससे पहले ही पुलिस उनके घर पर पहुंच गई।
पुलिस ने उन्हें दफ्तर नहीं जाने दिया और कहा कि आपको मुख्यमंत्री के दौरे को मद्देनजर रखते हुए हाउस अरेस्ट किया गया है। हमारा तो मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन का कोई प्लान नहीं था लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांगे पूरी करने के बजाय विरोध से डरी हुई है। कई वादे करने के बाद सरकार अध्यापकों को भूल रही है। नए स्कूल खोलने से कुछ नहीं होता जब उनमें पढ़ाने वाले अध्यापक ही खुश न हो।