कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह आज पठानकोट में बैराज बांध के निर्माण कार्य का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले सीएम का कार्यक्रम चार बार टल चुका है। डीसी रामवीर ने रावी सदन विश्राम गृह में जिले भर के अधिकारियों के साथ बैठक कर बैराज बांध स्थल का निरीक्षण किया और सीएम के कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आठ मार्च को यहां पहुंचकर बैराज बांध की पूरी स्थिति की जानकारी हासिल करेंगे। पंजाब सरकार ने बैराज बांध के निर्माण के लिए बजट में 206 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस बैराज बांध को पूरा करने के लिए लगभग 2700 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जिसके लिए यहां पर सोमा कंपनी निर्माण कार्य में जुटी है।
बांध प्रशासन के चीफ इंजीनियर जेएस नागी ने बताया कि मुख्यमंत्री सीसे स्कूल के विशाल मैदान में जनता को भी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। इसके साथ ही लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री को 15 फरवरी को आना था। लेकिन कार्यक्रम स्थगित होकर फिर 23 फरवरी को तय हुआ था। उद्घाटन करने के लिए उक्त नींव पत्थर भी लगा दिया गया था। लेकिन 23 फरवरी को उक्त कार्यक्रम स्थगित होने से जिला प्रशासन की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस बार लोक सभा चुनावों की आचार संहिता लगने की संभावना को देखते हुए आठ मार्च को उद्घाटन समारोह निश्चित किया है। बता दें कि यह बैराज बांध रावी नदी पर बनाया जाएगा।