सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के कामकाज में ज्यादा कुशलता लाने के लिए मंत्रिमंडल ने सोमवार को इसके पुनर्गठन की योजना को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि विभाग द्वारा मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठेके पर भर्ती कर कामकाज में लचीलापन लाने के लिए विभाग के पुनर्गठन का एक व्यापक प्रस्ताव तैयार किया गया है। नए पदों का सृजन करने के लिए कुछ पारंपरिक पद खत्म करने का प्रस्ताव पेश किया गया है, जो विभाग की समूची कार्यकुशलता और प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
पंजाब सिविल सचिवालय नियमों में संशोधन को मंजूरी
मंत्रिमंडल ने पंजाब सिविल सचिवालय (स्टेट सर्विसेज क्लॉस-3) रूल्ज, 1976 और 23 दिसंबर, 1995 को आम राज्य प्रबंध द्वारा जारी आदेशों में संशोधन करने की मंजूरी दे दी है। इससे स्टेनो टाइपिस्ट के काडर में काम कर रहे कर्मचारी, जो 50 साल की उम्र पार कर चुके हैं, को विभागीय योग्यता परीक्षा से छूट देकर जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के तौर पर तरक्की का कम से कम एक मौका दिया जा सकेगा।