गोइंदवाल जेल में सिद्धू हत्याकांड के आरोपी के मारे जाने पर उनका जवाब था कि सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सरकार के एक बड़े व्यक्ति का नाम लेकर आरोप लगाया कि उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी कि सिद्धू की सिक्योरिटी कम कर दी गई, इसके बाद ही गैंगस्टरों ने उनके बेटे को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि जिन पर उन्हें संदेह है, उसके बारे में विस्तार से सरकार को बता चुके हैं। इस दिशा में कार्रवाई होनी चाहिए। सिद्धू की माता चरण कौर ने कहा कि इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलनी चाहिए थी।
बेअदबी की तरह इस मामले के भी सभी आरोपी पकड़े जाएंगे
धरनास्थल पर बातचीत करने पहुंचे मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि सिद्धू केवल उनका ही बेटा नहीं था, बल्कि पूरे पंजाब का बेटा था। उनकी बातों पर विश्वास रखें। बेअदबी कांड की तरह इस मामले के आरोपी भी पकड़े जाएंगे। यहां तक जेल में हुई गैंगवार मामले में पुलिस ने अफसरों को पर सख्त कार्रवाई की। ऐसा अभी तक नहीं हुआ।
हत्याकांड में मनकीरत की भूमिका से इन्कार नहीं
जब मीडिया ने बलकौर सिंह से उनके बेटे की हत्या में गायक मनकीरत औलख की भूमिका सवाल किया तो उन्होंने कहा कि उसकी भूमिका तो मामले में जरूर है। इसकी जांच गहराई से होनी चाहिए। अगर मुझे उसकी भूमिका का पता होता तो मैं सीधे उसके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करवाता है।
घर पर ही ग्रेनेड फेंकने की थी तैयारी
बलकौर सिंह ने कहा कि उन्हें 18 से लेकर 27 फरवरी को तीन बार धमकी मिली। जोधपुर से उनको धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या अगर थार में जवाहरके गांव में न होती तो यह गैंगस्टर घर पर हमला करने की तैयारी में थे। यह गैंगस्टर रात को उनके घर में घुसकर खिड़की से घर के अंदर ग्रेनेड फेंकने वाले थे। बलकौर सिंह ने कहा कि वह आजाद मुल्क में रह रहे हैं, अपने बेटे के इंसाफ की मांग नहीं कर सकते।