पंजाब पुलिस द्वारा पकडे़ गए बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकवादी रमनदीप सिंह उर्फ सन्नी से की गई पूछताछ के आधार पर बठिंडा पुलिस ने दो युवकों को शक के आधार पर गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों युवक बठिंडा के रहने वाले हैं और उनके सन्नी से गहरे संबंध होने की बात सामने आई है।
सूत्रों की मानें तो आतंकवादी रमनदीप सिंह उर्फ सन्नी ने खालिस्तान टाइगर फोर्स के चीफ जगतार सिंह तारा से वेस्टर्न यूनियन के जरिए इन युवकों में से एक इंदरवीर सिंह के बैंक खाते में रुपये मंगवाए थे। रमनदीप सिंह के लिए तारा ने पहले 8500 रुपये और बाद में 24 हजार रुपये की रकम विदेश से भेजी थी।
गौरतलब है कि बठिंडा पुलिस ने रविवार को बब्बर खालसा इंटरनेशनल व खालिस्तान टाइगर फोर्स के आतंकवादी रमनदीप सिंह उर्फ सन्नी को बम बनाने की सामग्री और अवैध असलहा सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसका अदालत से 13 नबंवर तक का रिमांड हासिल किया हुआ है। पुलिस आतंकवादी रमनदीप सिंह से और पूछताछ करने में जुटी है।
मंगलवार को राउंड अप किए गए युवकों के बारे में बठिंडा पुलिस का कोई भी अधिकारी अधिकृत रूप तौर पर बताने को तैयार नहीं है। डीआईजी अमर सिंह चहल और एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर से बातचीत की गई तो उन्हाेंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं। मामले की जांच कर रहे डीएसपी गुरदर्शन सिंह से पुलिस द्वारा राउंड अप किए गए युवकों के संबंध जब पूछा गया तो उन्होंने इस संबंधी अनभिज्ञता जताई।