पंजाब के कंडी क्षेत्र में पानी की निर्बाध सप्लाई के लिए राज्य सरकार ने 221 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी-विलेज सरफेस वाटर प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। यह डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट मंजूरी के लिए राजस्व विभाग को भेजा जा चुका है। यह जानकारी बजट सत्र के दौरान मंत्री रजिया सुल्ताना ने दी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत ब्लाक तलवाड़ा, दसूहा, हाजीपुर और भुंगा के 197 गांवों को कवर किया जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान विधायक अरुण डोगरा ने जानना चाहा था कि क्या कंडी एरिया के ब्लाक तलवाड़ा के गांवों में पानी की सप्लाई सही नहीं है और सरकार क्या कदम उठा रही है।
आप विधायक और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा द्वारा जिला संगरूर के गांव खडियाल में पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर पूछे गए सवाल पर ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि गांव खडियाल की 20 एकड़ 4 कनाल 11 मरले जमीन पर नाजायज कब्जा है और डिप्टी कमिश्नर संगरूर की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे कार्यवाही की जाएगी।
विधायक बलदेव सिंह कल्याण की ओर से उठाए सवाल का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव केसों के संपर्क दायरे में आए पारिवारिक सदस्यों और आसपास के कंटेनमेंट जोन में लोगों को मुफ्त कोविड टेस्टिंग मुहैया करवाई गई है और सभी मरीजों को कोविड संबंधी सेहत सेवाएं व जानकारी दी गई है।