प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि टिकट वितरण का विशेषाधिकार सिर्फ पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास है। उम्मीदवारों की पड़ताल में कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की आई-पैक की कोई भूमिका नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स आई हैं कि पार्टी उम्मीदवार की पड़ताल व चुनाव प्रक्रिया में आई-पैक की भूमिका होगी। यह गलत है, आई-पैक की इसमें कोई भी भूमिका नहीं होगी। उसका रोल सिर्फ सलाहकार का है, जो रणनीति बनाने तक सीमित है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रशासन, प्रबंधन और कार्यक्रम को लागू करना और रणनीति बनाना हमेशा से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का विशेषाधिकार रहेगा।
कैप्टन ने कहा कि टिकट के इच्छुक लोगों के लिए फॉर्म जारी करना कोई पहली बार नहीं हुआ है। यह प्रक्रिया लंबे समय से चली आ रही है। हालांकि इस बार इसमें कुछ बदलाव किए गए हैं, फॉर्म को बढ़ाया गया है। जो आमतौर पर समय-समय पर होता है। टिकट वितरण पर उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी उम्मीदवारों की पड़ताल करेगी और सूची आल इंडिया कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी। जो इसे पार्टी
अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई वाली सेंट्रल इलेक्शन कमेटी को रेफर करेगी। जिसके पास उम्मीदवारों के चयन के अंतिम अधिकार हैं। कैप्टन ने साफ किया कि एआईसीसी ने किसी भी एजेंसी को उम्मीदवारों की पड़ताल करने या चुनने संबंधित किसी भी प्रक्रिया को लेकर कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी है।