विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हुए दो दिन हो चुके हैं, लेकिन उम्मीदवार नामांकन भरने के बजाय पंडितों की शरण में पहुंच रहे हैं। वे नामांकन भरने की तिथि से लेकर घर से निकलने का शुभ समय तक उनसे जान रहे हैं। ताकि चुनाव में उनकी जीत पक्की हो सके। इतना ही नहीं, कई उम्मीदवारों के समर्थक तो हिमाचल स्थित एक धार्मिक स्थल में जीत के लिए हवन भी करवा आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के लिए 18 जनवरी तक नामांकन भरे जाएंगे। लेकिन अब तक तीनों हलकों में बड़े राजनीतिक दल के किसी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा है। इस संबंध में फेज-5 शाहीमाजरा स्थित मंदिर के पुजारी पंडित इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि कई उम्मीदवारों के समर्थक उनसे नामांकन भरने के लिए शुभ दिन और समय के बारे में पूछ रहे हैं। इसके अलावा कई उम्मीदवार बाबाओं से इस बारे में पूछ रहे हैं कि किस दिन वह पर्चा भरें ताकि उनकी जीत पक्की हो। उम्मीदवारों को विश्वास है कि अगर वह शुभ दिन व शुभ समय में अपना नामांकन पत्र भरेंगे तो उन्हें जीत मिल सकती है।
कौन सी कार व पांच आदमी रहेंगे लकी
एक नामी पंडित ने बताया कि उम्मीदवार उनसे पूछ रहे हैं कि नामांकन भरने के समय जो पांच लोग चुनाव ऑब्जर्वर के कमरे में लेकर जाएंगे, वह किस राशि के होने चाहिए। इसके अलावा रोड शो में किस रंग की कार उचित रहेगी।