आम आदमी पार्टी जल्द ही कैंडिडेट चयन करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। मई अंत तक उम्मीदवारों की पहली लिस्ट घोषित कर दी जाएगी। जून अंत तक पंजाब केसभी 117 विधानसभा हलकों के उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चयन की प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू होगी।
विज्ञापन
उम्मीदवार चुनने के लिए चुनाव कैंपेन कमेटी और स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है। हर हलकेमें जोन, सर्किल और बूथ लेवल वॉलंटियर्स की मीटिंग होगी। उसमें जिन उम्मीदवारों के नाम आएंगे, उन्हें तीन दिनों में जालंधर स्थित सूबा दफ्तर में अपना बायो-डाटा जमा कराने को कहा जाएगा।
किसी भी सीट से कितने भी दावेदार हो सकते हैं। फिर इलेक्शन कैंपेन कमेटी दावेदारों के नामों पर विचार करने के बाद पांच दावेदारों का पैनल शॉर्ट लिस्ट करके स्क्रीनिंग कमेटी को भेजेगी। स्क्रीनिंग कमेटी सभी के इंटरव्यू लेगी। उसके बाद शॉर्ट लिस्ट करके पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी को भेजेगी।
विज्ञापन
पंजाब टीम की सलाह से पीएसी करेगी उम्मीदवारों पर फैसला
आप नेता संजय सिंह
- फोटो : फाइल फोटो
पीएसी, पंजाब की टीम के साथ मिल कर उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला लेगी। मई अंत तक पहली लिस्ट का ऐलान कर दिया जाएगा, जून अंत तक सभी उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। फिर कैंडिडेट अपने हलकों में प्रचार में जुटेंगे।
संजय सिंह ने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार के आरोपियों, जिन पर चरित्र संबंधी आरोप हैं या जिन लोगों की छवि अच्छी नहीं है, उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा। अगर बाद में भी लगता है कि किसी उम्मीदवार ने गलत जानकारी दी है, या कोई बात छिपाई है तो उसकी उम्मीदवारी रद कर दी जाएगी।
अगर कोई भी टिकट दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है तो उसकी शिकायत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में पार्टी के जो प्रमुख चेहरे हैं, वे चुनाव लड़ेंगे, चाहे सांसद हों या कन्वीनर। यूथ व महिलाओं को टिकट के मामले में पीएसी फैसला लेगी। इस मौके सूबा कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर, सांसद भगवंत मान भी मौजूद थे।
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग इतिहास रचने को तैयार हैं। सी-वोटर के दूसरे सर्वे में आप को 94-100 सीटें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के गुरद्वारा शीशगंज साहिब में प्याऊ भाजपा शासित एमसीडी ने गिराया और पुलिस केंद्र सरकार की थी।
शिअद, भाजपा और आरएसएस झूठा प्रचार कर रहे हैं। अकाली दल इस मुद्दे पर धरने देने जा रहा है, वे पीएम के खिलाफ धरने क्यों नहीं देते। एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट में वकील ने अपनी ओर से टिप्पणी की थी। वकील को हटा दिया गया है, दिल्ली सरकार जल्द नए सिरे से पक्ष रखेगी। आप इस मुद्दे पर पंजाब केपक्ष में है।
कैंपेन और स्क्रीनिंग कमेटियां गठित
आम आदमी पाटी ने इलेक्शन कैंपेन और स्क्रीनिंग कमेटियां गठित की हैं। 16 मेंबरी कैंपेन कमेटी में सुच्चा सिंह छोटेपुर, भगवंत मान, प्रो. साधू सिंह, हिम्मत शेरगिल, हरजोत बैंस, बलजिंदर कौर, यामिनी गोमर, एचएस कंग, करन टिवाणा, सुखपाल खैरा, कुलतार सिंह, गुरप्रीत घुग्गी, तजिंदर संघेड़ा, बूटा सिंह अरांध के अलावा संजय सिंह व दुर्गेश पाठक होंगे। पांच मेंबरी स्क्रीनिंग कमेटी में संजय सिंह, दुर्गेश पाठक, सुच्चा सिंह छोटेपुर, भगवंत मान व प्रो. साधू सिंह को लिया गया है।