पंजाब में पंथक पार्टी होने का दावा करने वाले शिरोमणि अकाली दल को मालवा की कई सीटों पर डेरा सच्चा सौदा की तरफ से समर्थन दिए जाने से जहां खेल बदल गया है। वहीं इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिन सीटों पर डेरा सच्चा सौदा ने समर्थन दिया है उसमें लंबी की सीट भी शामिल है। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं।
डेरा सच्चा सौदा सिरसा की राजनीतिक विंग ने पंजाब विधानसभा चुनावों में रातों रात अपना फैसला बदल लंबी, सरदूलगढ़, जीरा, बठिंडा, गिदद्ड़बाहा, सुनाम की सीटों पर डेरा समर्थकों को अकाली दल के उम्मीदवारों का समर्थन का संदेशा भेजना शुरू कर दिया। फिरोजपुर देहात में डेरा प्रेमियों ने अकाली दल और शहर में भाजपा, पटियाला शहर और देहात में भाजपा का समर्थन किया। मालवा बेल्ट में 69 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां डेरा का प्रभाव माना जाता है।
पंजाब में साल 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव में डेरा का दखल था। इसके अलावा साल 2014 के लोकसभा व अक्तूबर 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में डेरा ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया था। गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की फरलो पर जेल से छुट्टी पर भेजा गया था, जिससे तस्वीर साफ होने लगी थी कि डेरा समर्थक भाजपा को वोट देंगे। शनिवार रात को यह संदेश भी भेजा गया कि डेरा प्रेमी भाजपा को मतदान करेंगे लेकिन रविवार सुबह तक फैसले में बदलाव कर डेरा प्रेमियों को कई सीटों पर अकाली दल की हिमायत करने का निर्देश दिया गया।
बादल परिवार डेरा सच्चा सौदा के साथ मिलकर सिख कौम का कुछ बिगाड़ नहीं सकता: रंजीत सिंह
श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार भाई रंजीत सिंह का कहना है कि बादल परिवार की डेरा सच्चा सौदा से साठगांठ है, यह तो सबको पता है। चुनाव में बादल की सीट पर डेरा प्रेमियों का समर्थन तो इस बात की तस्दीक करता है लेकिन एक बात तय है कि सिख कौम श्री गुरु गोबिंद सिंह की अनुयायी है। डेरा सच्चा सौदा व बादल परिवार मिलकर सिख कौम का कुछ बिगाड़ नहीं सकते हैं। सिख संगत इनको मैल की तरह अपने शरीर से उतार देगी।
अकाली दल व भाजपा का असली चेहरा सामने आया: चन्नी
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने ट्वीट कर कहा है कि अकाली दल व भाजपा दोनों ही डेरा सच्चा से समर्थन ले रहे हैं। पंजाब के लोग एकजुट होकर बेअदबी को अंजाम देने वालों को सबक सिखाएंगे। चन्नी ने कटाक्ष किया कि बरात जितनी मर्जी बड़ी आ जाए पर पिंड की संख्या से कम ही होती है। आम आदमी पार्टी ने धूरी के लिए डेरा सच्चा से समर्थन लिया है।