कोविड महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) को उसके 18 से 45 साल उम्र वर्ग के सभी रजिस्टर्ड लाभार्थियों के मुफ्त टीकाकरण की अनुमति दे।
केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष कुमार गंगवार को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रयास देश के उन औद्योगिक कामगारों के टीकाकरण के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा, जो भारत सरकार के कोविड-19 के विरुद्ध वयस्क आबादी के टीकाकरण की योजना का भी हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका विश्वास है कि यह सुझाव बड़े जनहित में बहुत लाभकारी सिद्ध होगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण वायरस के फैलाव को रोकने और टीके लगवा चुके व्यक्तियों को सुरक्षित रखने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के फैसले के मुताबिक 45 साल से अधिक उम्र वर्ग में सभी व्यक्तियों के लिए वैक्सीन चाहे केंद्र सरकार मुहैया करवाएगी, लेकिन 18 से 45 साल के उम्र वर्ग के टीकाकरण की व्यवस्था राज्य सरकार और प्राइवेट एजेंसियों को करनी होगी।