पंजाब और हिमाचल पुलिस की संयुक्त छापेमारी
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब-हिमाचल सीमा पर स्थित नशे का गढ़ माने जाते छन्नी-बेली में हिमाचल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर धर्मशाला से आए अधिकारियों ने सुबह तड़के सो रहे नशा कारोबारियों के घरों में रेड कर दी। रेड में पुलिस ने लाखों लीटर अवैध शराब, चिट्टा, नगदी, लाहन और कच्ची शराब बरामद की और 3 महिलाओं समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक 3-4 बार पंजाब और हिमाचल पुलिस की ज्वाइंट रेड में जीरो रिकवरी के बाद इस बार पूरी रणनीति डीआईजी संतोष पटियाल ने बनाई। छापेमारी करने वाली टीम का नेतृत्व धर्मशाला की एएसपी आकृति शर्मा और डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने किया। उसके साथ कांगड़ा नारकोटिक्स सेल की टीम और करीब 100 पुलिस कर्मचारी भी थे।
नशा कारोबारियों को भनक न लगे, इसलिए सुबह तड़के 4 बजे रेड की गई। पूरे गांव की घेराबंदी कर दी गई। नशा कारोबारी सो रहे थे कि पुलिस उनके दरवाजे पर पहुंच गई। बेहद गुप्त तरीके से की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच लोगों, जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं, को गिरफ्तार किया।
डमटाल थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि स्थानीय निवासी काजल से 34.4 ग्राम चिट्टा, सुनीता से 45 हजार एमएल लाहन, सुनीता से 35 हजार एमएल अवैध शराब, सुरिंदर से 35 हजार एमएल अवैध शराब बरामद की गई। महंगा राम से 4 लाख 1 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में महंगा राम पैसों का जरिया नहीं बता पाया, जिसके चलते उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं पुलिस ने गांव भर के कई घरों में 10 लाख एमएलए से अधिक की कच्ची शराब और भट्ठियों को नष्ट किया।