डेढ़ करोड़ रुपये में एचसीएस ज्यूडिशियल पेपर लीक मामले में जांच कमेटी ने मान लिया है कि पेपर लीक हुआ था और दोनों टॉपर लडकियों के पास पहले से ही पेपर मौजूद था। इसके साथ ही जांच कमेटी ने बताया कि रजिस्ट्रार रिक्रूटमेंट डॉ बलविंदर शर्मा और सुनीता के बीच के कनेक्शन का भी पर्दाफाश किया है।
कमेटी ने बताया कि दोनों के बीच पिछले एक साल में 760 बार फोन पर बात व एसएमएस हुए। कमेटी ने सामान्य वर्ग की टॉपर सुनीता, आरक्षित वर्ग की टॉपर सुशीला व रजिस्ट्रार रिक्रूटमेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश भी की है।
बुधवार को रजिस्ट्रार विजिलेंस द्वारा इस मामले में की गई प्रारंभिक जांच की रिपोर्ट हाईकोर्ट के सामने रखी गई। इसमें रजिस्ट्रार रिक्रूटमेंट डॉ बलविंदर शर्मा और आरोपी सुनीता के बीच पिछले एक वर्ष में 730 बार फोन पर बातचीत व एसएमएस की जानकारी दी गई। जबकि डॉ बलविंदर शर्मा ने जांच कमेटी को दिए बयानों में सुनीता से किसी भी किस्म की बातचीत से इंकार किया किया था। इसके चलते अब डॉ बलविंदर शर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ ही उसका तत्काल तबादला करने की भी जांच कमेटी ने सिफारिश की है।