पंजाब में शनिवार को कोरोना के 225 नए मरीज मिले और आठ ने जान गंवाई। इसके अलावा ठीक हुए नए मरीजों की संख्या 146 रही। वहीं आईसीयू सपोर्ट पर दो मरीज रहे। शनिवार को लुधियाना में 32, जालंधर में 26, पटियाला में 12, एसएएस नगर में 38, अमृतसर में 11, गुरदासपुर में 4, होशियारपुर में 7, पठानकोट में एक, कपूरथला में 7, संगरूर में 4, फरीदकोट में 10, फाजिल्का में तीन, फतेहगढ़ साहिब में एक, तरनतारन में एक, मानसा में एक और एसबीएस नगर में 12 कोरोना के मरीज मिले।
टीकाकरण का पहला दौर 12 फरवरी तक होगा पूरा
पंजाब में अगले चरण में सभी सरकारी विभागों के फ्रंटलाइन वॉरियर्स का कोरोना टीकाकरण किया जाएगा। जिसमें सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं के हेल्थ केयर वर्कर शामिल हैं। इनको पहले चरण में टीके की पहली खुराक मिल गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने 16 जनवरी से कोविड-19 टीकाकरण मुहिम की शुरुआत की है, जिसके अंतर्गत करीब 1 लाख 78 हजार हेल्थ केयर वर्करों का मुफ्त टीकाकरण करवाने का मौका दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब तक पंजाब में 1800 के करीब टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए हैं, जिसमें करीब 58000 हेल्थ केयर वर्करों का टीकाकरण किया गया है। सिद्धू ने बताया कि बाकी बचे हेल्थ केयर वर्करों के दोबारा टीकाकरण का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी हेल्थ केयर वर्कर जो टीकाकरण करवाना चाहते हैं, 12 फरवरी तक टीकाकरण करवा लें। 12 फरवरी के बाद हेल्थ केयर वर्करों के लिए टीकाकरण की पहली खुराक उपलब्ध नहीं होगी और दूसरे दौर में हेल्थ केयर वर्करों को टीकाकरण की सिर्फ दूसरी खुराक दी जाएगी।
हरियाणा में सौ से नीचे कोरोना के नए केस
हरियाणा में शनिवार को कोरोना के नए मामलों की संख्या 100 से नीचे रही। दो संक्रमितों की मौत हुई है, जबकि 1963 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 30 जनवरी को कुल 97 मामले सामने आए। सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, कैथल, भिवानी, नूंह व चरखी दादरी में कोई केस नहीं मिला है। रोहतक, सिरसा व पलवल में नए केस की संख्या 1-1 रही।
गुरुग्राम में 35, फरीदबाद में 15, पंचकूला 10, करनाल, अंबाला, जींद 6-6, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर 5-5, हिसार, पानीपत में 3-3 नए केस मिले हैं।
गुरुग्राम व पलवल में 1-1 संक्रमित की मृत्यु हुई है। 153 मरीज शनिवार को ठीक होकर घर लौटे हैं। रिकवरी रेट 98.45 प्रतिशत है, जबकि मृत्य दर 1.13 फीसदी है। अभी सक्रिय मरीज सिर्फ 1134 हैं। अभी तक कुल 126411 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना से बचाव का टीकाकरण किया जा चुका है।