बीएसएफ की 163 बटालियन ने सीमा के भिक्खीविंड सेक्टर की खालड़ा चौकी के पास गत रात्रि पाकिस्तान घुसपैठियों व भारतीय तस्करों की गोलियाें का जवाब देते हुए दो भारतीय तस्करों को मार गिराया है।
हालांकि मारे गए दोनों भारतीय तस्करों की पहचान नहीं हो पाई है। घटनास्थल से बीएसएफ ने एक पिस्टल, एक मैगजीन और सात गोलियां पिस्टल की भी बरामद की हैं।
बीएसएफ के डीआईजी एमएफ फारूखी ने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए खुलासा किया है कि आजकल सीमा के पास धान की फसल काफी है। इसकी आड़ में पाकिस्तान तस्कर भारतीय सीमा में घुसपैठ करवाते हैं वहीं नशीले पदार्थों की तस्करी की भी कोशिश करते हैं। इसे ध्याना में रखते हुए बीएसएफ की ओर से भारत पाक सीमा पर कंटीली तार के आसपास सुरक्षा काफी मजबूत की है।
गत रात्रि भी जब भिक्खीविंड सेक्टर की खालड़ा चौकी के पास बीएसएफ के सिपाहियों ने सीमा पर से कुछ हलचल देखी तो घुसपैठियों को ललकारा, लेकिन घुसपैठियों व तस्करों ने अपनी गतिविधियां जारी रखी और बीएसएफ की गश्त पार्टी पर भी गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
जवाब में बीएसएफ की ओर से गोलियां चलाई गईं। इसी दौरान दो भारतीय तस्कर गोलियां लगने से मर गए। दो पाकिस्तानी तस्कर रात्रि के अंधेरे का फायदा उठा कर पाकिस्तान की तरफ भागने में सफल हो गए।