तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो में शक्ति प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। आम आदमी पार्टी ने अपनी कांफ्रेंस में शक्ति प्रदर्शन कर विरोधियों को बराबर की टक्कर दी है। आप ने राजनीति में दोनों प्रमुख पार्टियों से ज्यादा भीड़ होने का दावा किया है। आप की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर कौर की अगुवाई में कांफ्रेंस हुई। दिल्ली से पहुंचे और प्रदेश के आप नेताओं ने आगामी विस चुनाव का बिगुल बजाते हुए लोगों को तैयार रहने के लिए कहा।
इस दौरान एसवाईएल, शीशगंज गुरुद्वारा साहिब का प्याऊ तोड़ने वाला मामला, पंजाब में फैली नशाखोरी, बेरोजगारी के मामले मुख्य रहे, जिन पर आप के सभी ही नेताओं ने अकाली भाजपा और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया। इस दौरान पंजाब प्रभारी संजय सिंह, पंजाब अध्यक्ष सुच्चा सिंह छोटेपुर, सांसद भगवंत मान, हिम्मत सिंह शेरगिल, गुरप्रीत सिंह के अलावा दिल्ली से विधायक जरनैल सिंह भी विशेष तौर पर पहुंचे।
संजय सिंह ने कहा कि बादल पंजाब में कहते है कि आप के पास कोई तजुर्बा नहीं है, यह सच बोल रहे हैं हम मानते हैं कि हमारे पास भ्रष्टाचार करने, मजीठिया की तरह नशे बेचने, लोगों की जमीन पर कब्जे करने, झूठे केस दर्ज करने का उनके पास कोई तजुर्बा नहीं है। वहीं पंजाब में आप की सरकार आने पर बादल परिवार व इनके मंत्रियों से पूरी तरह से हर जुल्म का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों की राजनीति में परिवारवाद चल रहा है।
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में आप की बढ़ रही लोकप्रियता से घबराए अकाली भाजपा सरकार के मंत्री आप के वर्करों पर झूठे केस दर्ज करवा रहे हैं। पंजाब अध्यक्ष सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कहा कि अकालियों की सरकार ने जहां किसानों को बर्बाद कर दिया है, वहीं उनके बच्चों का भी कोई भविष्य नहीं है। एसवाईएल पर छोटेपुर ने कहा कि यह नहर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इंदिरा गांधी से निकलवाई थी।
सांसद भगवंत मान ने कहा कि अकाली सरकार के कार्यकाल के समय में पंजाब नशा और ठगी करने वालों का प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा कि खुदकुशी करने वाले किसानों के परिवारों से भी प्रदेश सरकार झूठे वादे लगा रही है। दिल्ली से विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि एसवाईएल मामले पर केजरीवाल हमेशा पंजाब साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पानी मामले पर हरसिमरत कौर बादल को इस्तीफा देना चाहिए।