पंजाब में एक तरफ युवा मतदाता पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं, तो दूसरी बुजुर्ग मतदाता भी अपने तजुर्बे और जोश से लोकतंत्र को और ताकतवर बनाने के लिए तैयार हैं।
इस बार चुनावी संग्राम में 100 से अधिक उम्र के 5,190 मतदाता वोट डालेंगे। उनमें मतदान के लिए भरपूर जोश है। वे अपनी आंखों के आगे प्रदेश की बदलती छवि के अनुरूप अपने मत को लेकर तैयार हैं। 5,190 मतदाताओं में से 2,092 पुरुष और 3,098 महिलाएं हैं। वहीं, 60 से 99 वर्ष की उम्र के सीनियर सिटीजन मतदाताओं की संख्या 38,56,915 है। बुजुर्गों का कहना है कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें बुजुर्गों के अनुभव से फायदा उठाना चाहिए और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।
40 से 99 साल की उम्र के प्रदेश में मतदाताओं की संख्या
उम्र पुरुष महिला थर्ड जेंडर कुल
40 से 49 साल 21,16,072 20,82,670 138 41,98,880
50 से 59 साल 15,70,549 15,84,411 91 31,55,051
60 से 69 साल 11,24,747 11,25,326 50 22,50,123
70 से 79 साल 5,71,385 5,87,349 16 11,58,750
80 से 89 साल 1,84,495 2,02,158 03 3,86,656
90 से 99 साल 26,977 34,408 01 61,386
कुल 55,94,225 56,16,322 299 1,12,10,846
सीनियर सिटीजंस के चुनावी मुद्दे
- बुढ़ापा पेंशन की उम्र कम करवाना सबसे बड़ा मुद्दा है। पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश के सीनियर सिटीजंस को जो बुढ़ापा पेंशन दी जाती है, उनकी मांग है कि उसकी उम्र को कम किया जाना चाहिए। दरअसल पंजाब में पुरुष बुजुर्ग को 65 साल के बाद और बुजुर्ग महिला को 58 साल के बाद सरकार की ओर से यह बुढ़ापा पेंशन दी जाती है। बुजुर्गों की मांग है कि इस उम्र को कम किया जाना चाहिए। यह मुद्दा हाल ही में पंजाब विधानसभा में बजट सत्र के दौरान फिरोजपुर देहात से आम आदमी पार्टी के विधायक रजनीश कुमार दहिया ने उठाया था। विधायक ने कहा था कि उनके पास कई बुजुर्ग आते हैं और यह मांग करते हैं कि बुढ़ापा पेंशन को लेकर जो उम्र निर्धारित की है, उसे पुरुष बुजुर्ग के लिए 65 से 58 की जानी चाहिए। इसी तरह महिला बुजुर्ग के लिए 58 से 55 साल उम्र की जानी चाहिए।
- बुजुर्गों को हर मूलभूत सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराना भी सबसे बड़ा मुद्दा है। बुजुर्गों ने मांग की कि पंजाब सरकार द्वारा कई स्वास्थ्य योजनाओं में निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन कार्ड न बने होने के कारण उन्हें यह लाभ नहीं मिल पाते, ऐसे में बुजर्गों की मांग है कि जनता दरबार या विशेष कैंप लगाकर उनके ये कार्ड बनाए जाएं।
- बुजुर्गों ने यह मांग की कि पंजाब में सीनियर सिटीजंस होम बढ़ाए जाने चाहिए। पंजाब में कई बुजुर्ग ऐसे हैं, जिनके बच्चे विदेश जा चुके हैं। वे अकेले घर में नौकरों के सहारे रहते हैं, अगर निशुल्क सीनियर सिटीजन होम की सुविधा हो तो बुजुर्ग वहां रह सकें।
- जो बुजुर्ग प्राइवेट या सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्ति हो चुके हैं, उनकी यह मांग है कि सेवानिवृत्ति के बाद पंजाब सरकार को कोई ऐसी पॉलिसी बनानी चाहिए, जो अपनी रिटायरमेंट के बाद भी अपनी स्वेच्छा से कामकाज करना चाहता हो उसे प्रदेश के अलग-अलग विभाग में कॉन्ट्रैक्ट पर रोजगार मुहैया कराना चाहिए, ताकि वे बुजुर्ग अवस्था में अपनी जरूरतों को पूरा कर सकें।