विभिन्न मांगों को लेकर पुडा मुलाजिमों द्वारा मैनजमेंट के खिलाफ शुरू किया संघर्ष तेज होता जा रहा है। सोमवार को पुडा मुलाजिमों ने रोष मार्च निकाला। रोष मार्च शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित सरकारी दफ्तरों के आगे से गुजरा। साथ ही मुलाजिमों ने गेट रैली की। मुलाजिमों की भूख हड़ताल 17वें दिन में प्रवेश कर गई।
सोमवार सुबह पहले सभी मुलाजिम धरनास्थल पर जुटे। फिर अरदास कर पांच मुलाजिम भूख हड़ताल पर बैठे। यह सारे मुलाजिम पुडा में ही तैनात हैं। इन मुलाजिमों में शाम सिंह सैनी, बलदेव सिंह चीमा, महिंदर सिंह कुंभड़ा, अर्जुन सिंह व गुरमेल सिंह धालीवाल शामिल थे।
इसके बाद दोपहर में मुलाजिमों ने रोष मार्च निकाला। रोष मार्च पुडा भवन से सीधे शिक्षा विभाग के आफिस, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, विकास भवन से होते हुए फेज-8 थाने के बाहर पहुंचा। इसके बाद मार्च फिर से पुडा ऑफिस पहुंचा।
फिर मुलाजिमों ने पुडा भवन के बाहर गेट रैली की। रैली को विभिन्न मुलाजिम नेताओं ने संबोधित किया। इसके अलावा पुडा की अन्य इकाईयों में भी मुलाजिमों की भूख हड़ताल जारी है। सभी जगह यह संघर्ष पुडा तालमेल संघर्ष कमेटी के बैनर तले दिया जा रहा है।
कमेटी के को-कन्वीनर बलजिंदर सिंह बिल्ला ने बताया कि मुलाजिम खराब मौमस के बावजूद भी अपने मांगों पर अड़े हैं। लेकिन फिर भी मैनेजमेंट मुलाजिमों की मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है।