केस का स्टेटस जानो अभियान के तहत शहर के सभी थानों में शिविर लगाए गए, लेकिन एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल खुद ही सेक्टर-11 थाने में लोगों से मिलने के लिए पहुंच गए।
दोपहर 12 बजे तक शहर के थानों में लगाए गए शिविरों में सन्नाटा छाया रहा। पुलिस विभाग के अनुसार कुल 80 लोग अपने द्वारा पुलिस में दर्ज शिकायतों का स्टेटस जानने के लिए आए। जबकि पिछले माह 100 से ज्यादा लोग स्टेटस जानने के लिए पहुंचे।
पुलिस की ओर से हर माह केस का स्टेटस जानने के लिए अभियान चलाया जाता है। इस मौके पर सभी थानों में डीएसपी और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
सेक्टर-17 पुलिस थाने में साइबर सेल की ओर से भी शिविर लगाया गया, लेकिन यहां पर केस का स्टेटस जानने के लिए नाममात्र लोग ही पहुंचे।
एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल का कहना है कि सभी थाना प्रभारियों से अब शिविर में आए संतुष्ट और असंतुष्ट लोगों का डाटा भी लिया जा रहा है। इसके बाद विभाग अपनी ओर से भी आगे इन लोगों से फोन करके उनसे जानकारी ले रहा है।
एटीएम में गार्ड तैनात न करने का मामला उठा
सेक्टर-11 पुलिस थाने में जब एसएसपी पहुंचे तो यहां पर एटीएम में सुरक्षाकर्मी तैनात होने का मामला भी उठा इस पर एसएसपी ने कहा कि जल्द ही ऐसे एटीएम के बैंकों पर कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं किए हुए हैं।