चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को वेद पढ़ाना सिखाएगा। इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। संस्कृत विभाग इसके लिए वैदिक स्टडीज कोर्स शुरू करने जा रहा है। इसी शैक्षिक सत्र में इसका शुभारंभ हो जाएगा।
पीयू में संचालित दयानंद चेयर फॉर वैदिक स्टडीज के तहत संस्कृत विभाग ने प्लानिंग तैयार की थी कि वह विद्यार्थियों को वेदों का ज्ञान बांटे। इसके लिए वैदिक स्टडीज कोर्स शुरू करने की योजना पूरी बन गई। शुरुआत में 20 सीटों के लिए दाखिले आमंत्रित किए जाने थे। इस कोर्स का उद्देश्य है कि युवा वेदों के बारे में जानें। इस सर्टिफिकेट कोर्स का प्रस्ताव सिंडिकेट के पास पहुंचा।
सूत्रों का कहना है कि फीस को लेकर सिंडिकेट ने कुछ अड़चनें लगाई थीं। यह प्रस्ताव वापस आया तो अब इसे दुरुस्त कर लिया गया। इस कोर्स के जरिये पीयू को काफी लाभ मिलने की संभावनाएं आंकी जा रही हैं। सूत्र कहते हैं कि यह प्रस्ताव लगभग पूरी तरह तैयार है। एक साल का यह सर्टिफिकेट कोर्स होगा।