चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में 12वें रोज फेस्टिवल का आयोजन 24 से 26 फरवरी तक किया जा रहा है। पीयू के 2.5 एकड़ में फैला प्रो. आरसी पॉल रोज गार्डन गुलाबों की 130 से अधिक किस्मों से महक रहा है और विभिन्न रंगों के गुलाब इसकी सुंदरता को चार चांद लगा रहे हैं। इस साल रोज गार्डन में 8 नई गुलाब की किस्मों को लगाया गया है।
12वें पंजाब यूनिवर्सिटी रोज फेस्टिवल में आम जनता को हरित और स्वच्छ पर्यावरण के लिए जागरूक भी किया जाएगा। तीन दिवसीय फेस्टिवल में छात्रों के लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर रंगोली, रोज प्रिंस एंड प्रिंसेज, पेंटिंग और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न आयु समूहों की श्रेणियों में विद्यार्थियों को बांटा जाएगा। इनके लिए बहुत से आवेदन आ चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न तरह की फूड स्टॉल लगाई जाएगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए बुधवार को पीयू में विभिन्न तरह के झूले इंस्टाल कर दिए गए थे। इसके अलावा एम्यूजमेंट पार्क और गेमिंग जोन भी बनाए जा रहे हैं।