पुरानी पेंशन बहाली के लिए संगरूर में गरजे पीयू शिक्षक
समान वेतनमान, पूरा डीए जारी करने और कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग
चंडीगढ़। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को संगरूर में मुख्यमंत्री आवास के पास कर्मचारियों ने रैली की। इसमें पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के प्रतिनिधिमंडल ने भी हिस्सा लिया।
सांझा मुलाजिम मंच ने पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति के आह्वान पर रैली आयोजित की। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना जल्द लागू करने, सभी पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ देने, समान वेतनमान लागू करने, पूरा महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने और ठेका कर्मचारियों को नियमित करने की मांग उठाई। उन्होंने सरकार से किए गए वादे पूरे करने की भी अपील की।
रैली में शामिल अमरजीत सिंह नौरा और मृत्युंजय ने कहा कि सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के करीब है लेकिन कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने मांगें जल्द पूरी करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारी राजनीतिक स्तर पर सरकार का विरोध करेंगे और उसे सत्ता से हटाने के लिए अभियान चलाएंगे।