लक्ष्मी नारायण मंदिर में पितृ अमावस्या पर हवन, 400 श्रद्धालुओं ने डाली आहुति
15 दिन तक हुआ गीता पाठ, पितरों की शांति और सुख-समृद्धि की कामना
चंडीगढ़। सेक्टर-44सी के लक्ष्मी नारायण मंदिर में सर्वपितृ अमावस्या पर शनिवार को हवन किया गया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित अनुष्ठान में करीब 400 श्रद्धालुओं ने आहुति देकर पितरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंदिर में पिछले 20 वर्षों से यह परंपरा निभाई जा रही है।
पितृपक्ष के 15 दिनों तक मंदिर में प्रतिदिन श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ हुआ। अमावस्या पर पहले अध्याय के पहले श्लोक से 18वें अध्याय के अंतिम श्लोक तक पाठ के साथ श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां दीं। पूर्णाहुति के दौरान भी श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर पितरों की शांति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में महिला मंडली ने भजन-कीर्तन किया। अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के प्रधान संनंदन कुमार, वीएन शर्मा, कुलभूषण गुप्ता, उर्वशी जुनेजा, कृष्ण पाल सिंह, रमेश जुनेजा, अशोक आहूजा और विनोद गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।