चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय हर साल चंडीगढ़ साइंस कांग्रेस का आयोजन करती है, लेकिन अब तक इसके आयोजन की तिथि घोषित नहीं की गई। शोधार्थी इंतजार कर रहे हैं कि वे अपने पेपर प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन का बड़े-बड़े वैज्ञानिक भी इंतजार करते हैं।
एक दशक पहले चंडीगढ़ साइंस कांग्रेस की नींव रखी गई थी। इसके जरिए शोधार्थी, शिक्षकों को एक मंच दिया गया था, ताकि वे अपने शोध के बारे में वैज्ञानिकों को बता सकें। शोध पेपर के आधार पर उन्हें नौकरी से लेकर पदोन्नति तक में लाभ मिलता था। कोरोना के कारण यह आयोजन प्रभावित हो रहा है। पिछले साल भी ऑनलाइन ही प्रस्तुति हुई थी। इस कारण यह आयोजन अधिक कारगर नहीं हो पाया।
शोधार्थी चाहते हैं कि इसका आयोजन इस बार जल्द हो और ऑफलाइन होना चाहिए। शोधार्थियों ने पीयू के समक्ष प्रस्ताव रखा है कि इसका आयोजन बिना देरी के और बेहतर तरीके से हो। वहीं दूसरी ओर शोधार्थियों ने पीयू के समक्ष अपनी समस्याओं को भी उठाया है। यह भी बताया कि उन्होंने पहले मांगपत्र दिए हुए हैं, उन पर जल्द विचार किया जाए, ताकि शोध को आगे बढ़ाया जा सके।