चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को भारत के अपर सॉलिसिटर जनरल व पीयू के सीनेट सदस्य सत्यपाल जैन से मिला। प्रोफेसरों ने उनसे आग्रह किया कि केंद्रीय सेवा नियम को पीयू में भी लागू किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रो. मनु शर्मा ने किया। उनके साथ प्रो. कश्मीर सिंह, डॉ. प्रवीण गोयल, डॉ. सुचा सिंह, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. मोनिवा सरकार, डॉ. नीरज सिंह और डॉ. अरविंद कुमार शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस अधिसूचना का स्वागत और समर्थन भी करते हैं। उन्होंने जैन से आग्रह किया कि पीयू सीनेट के सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते इसका लाभ पंजाब यूनिवर्सिटी के अध्यापकों को भी दिलवाएं। जैन ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह इस विषय को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष उठाएंगे तथा इस अधिसूचना का लाभ पीयू के कर्मचारियों को भी दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे।