द टाइम्स एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2020 बुधवार को जारी कर दी गई। विश्व स्तर पर शिक्षण संस्थानों में पीयू को 601-800 ब्रैकेट के मध्य जगह मिली है। पिछले साल भी वर्ल्ड स्तर पर यही स्थान रहा लेकिन इस बार पीयू ने देश के शिक्षण संस्थानों में चौथा स्थान पाया है। विश्वविद्यालयों की गिनती करें तो पहला नंबर आया है। रैंकिंग बेहतर आने पर पीयू प्रशासन खुश है।
यूके की ओर से टाइम्स रैंकिंग जारी की जाती है जो महत्वपूर्ण रैंकिंग है। यह रैंकिंग टीचिंग, रिसर्च, साइटेशन, इंडस्ट्री इनकम व इंटरनेशनल आउटलुक पैमाने पर निर्धारित की जाती है। पीयू को टीचिंग में 29.1 व रिसर्च में 15.2 अंक मिले हैं। इनके जरिये पीयू को देश के शिक्षण संस्थानों में अच्छा स्थान मिला है। इंडस्ट्री इनकम में 34.7 व इंटरनेशनल आउटलुक में 16 अंक मिले हैं। इन दोनों बिंदुओं पर विश्वविद्यालय अच्छा काम नहीं कर पाया। इनमें पीयू को छवि बेहतर करने की जरूरत है।
रैंकिंग में 11 पायदान का सुधार गर्व की बात : जैन
आईक्यूएसी निदेशक डॉ. आशीष जैन ने बताया कि टाइम्स रैंकिंग में देश के शिक्षण संस्थानों की सूची में पीयू का स्थान चौथा है और विश्वविद्यालयों में हम पहले स्थान पर हैं। यह पीयू के लिए गर्व की बात है। पिछले साल देश में इस रैंकिंग में पीयू को 15वां स्थान मिला था। टीचिंग व रिसर्च के जरिये पीयू आगे बढ़ रही है। इंटरनेशनल आउटलुक व इंडस्ट्री इनकम बिंदुओं पर हम काम करेंगे ताकि आगे और अच्छी रैंक आए।