चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल नंबर-4 में बुधवार तड़के 3.43 बजे संदिग्ध युवक के घुसने के बाद छात्रों में जबर्दस्त आक्रोश है। पीयू की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए छात्र संगठनों ने शुक्रवार को पीयू परिसर में प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। वहीं, देर शाम वार्डन की ओर से दी गई शिकायत के बाद सेक्टर- 11 थाना पुलिस ने आईपीसी 447 और 452 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी गुरमुख सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीयू प्रशासन ने इस मामले में चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। हैरत की बात है कि आखिर संदिग्ध हॉस्टल नंबर-4 में कैसे घुसा और सो रही छात्रा के कमरे तक कैसे जा पहुंचा। छात्रा को इस बात का अहसास तब हुआ जब युवक ने उसके गाल पर हाथ फेरा। बताया जा रहा है कि छात्रा की पढ़ते-पढ़ते आंख लग गई थी और उसके कमरे का दरवाजा खुला रह गया था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात युवक कमरे के अंदर तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि इस चूक को बेहद संजीदगी से लेते हुए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं इस घटना से हॉस्टल में रह रहे छात्राओं के परिजनों में भी डर का माहौल है।
घटना के तीन दिन बीतने के बाद पीयू प्रशासन ने पुलिस में दी शिकायत
वहीं, घटना के तीन दिन बीतने के बाद पीयू प्रशासन ने शुक्रवार देर शाम पुलिस में शिकायत दी। हालांकि पीयू प्रशासन ने मामले में जिम्मेदार चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें मेन गेट पर तैनात दो, हॉस्टल की एंट्री पर एक सुरक्षाकर्मी और एक महिला अटेंडेंट शामिल हैं। पीयू के सीसीटीवी में दर्ज रिकॉर्ड के मुताबिक उक्त युवक रात को 3:43 बजे हॉस्टल में घुसा और 4:03 बजे बाहर आ गया। इसी दौरान जब वह छात्रा के कमरे में घुसा तो उसने शोर मचाया, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। जाहिर है कि सुरक्षार्मी कमरे में सोए रहे और संदिग्ध करीब 20 मिनट तक हॉस्टल में घूमता रहा। इस घटना के बाद पीयू की छात्राएं सहमी हुई हैं। उन्होंने विवि प्रशासन से हॉस्टल की सुरक्षा बढ़ाने और इसे दुरुस्त करने की मांग की है।
इनसेट
हर फ्लोर पर लगेगा कैमरा, सुरक्षाकर्मी बढ़ाने का प्रस्ताव
पीयू के गर्ल्स हॉस्टल में हुई घटना के बाद शुक्रवार को सभी वॉर्डन्स और डीएसडब्ल्यू की बैठक बुलाई गई। बैठक में सुरक्षाकर्मी को बढ़ाने और हर फ्लोर पर कैमरा लगाने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान बुधवार रात हुई घटना में सुरक्षा की लापरवाही, डीएसडब्ल्यू को शिकायत मिलने में हुई देरी और हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में स्टूडेंट काउंसिल के उपाध्यक्ष हर्षदीप सिंह, संयुक्त सचिव मनीष भूरा भी मौजूद रहे।
कोट-1
पीयू में सुरक्षा चूक का मामला गंभीर है। हमने मुख्य सुरक्षा अधिकारी के इस्तीफे की मांग की है। अगर इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
-आयुष खटकड़, अध्यक्ष पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल
-कोट-2
हॉस्टल में हुई घटना निसंदेह हैरत वाली है। पीयू द्वारा सीसीटीवी की जांच करवाई गई है। फिलहाल आरोपी का पता नहीं चल पाया है। इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए वार्डन और छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन करवाई जाएगी ताकि वे डीएसडब्ल्यू तक सीधी शिकायत पहुंच सकें। यह सुरक्षा में चूक है, जिस पर संज्ञान लिया जा रहा है।
-सिमरित काहलों, डीएसडब्ल्यू
इनसेट
दिनभर नजर नहीं आए नहीं चीफ सिक्योरिटी अफसर
पीयू की सुरक्षा का जिम्मा संभाले चीफ सिक्योरिटी अफसर विक्रम सिंह दिन भर पीयू परिसर में नजर नहीं आए। छात्र संगठनों के नेता उनसे मिलना चाहते थे, लेकिन उनका न तो मोबाइल नंबर ऑन था और न ही वह किसी से मिलने आए। पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल के अध्यक्ष आयुष खटकड़ ने कहा कि इससे पहले भी सुरक्षा को लेकर कई तरह की चूक हुई है, लेकिन सीएसओ हर बार स्टाफ कम होने का बहाना बनाकर टाल देते हैं।