पिता टैंट का काम करते हैं और बेटी ने पंजाब बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में टॉप करके उनका नाम रोशन किया। अब बेटी जज बनना चाहती है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित किए गए दसवीं के परिणाम में लुधियाना की दो लड़कियों ने स्पोर्ट्स कैटागरी में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर पंजाब में पहला स्थान हासिल किया है।
बीसीएम स्कूल फोकल प्वाइंट छात्रा पुषविंदर कौर ने स्पोर्ट्स कैटागरी में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर लुधियाना का नाम रोशन किया है। शेरपुर की रहने वाली पुषविंदर कौर ने बताया कि उसके पिता सुखजिंदर सिंह टैंट का काम करते है। माता सपना ग्रहणी है। आगे की पढ़ाई के लिए इसी स्कूल में आर्ट्स में एडमिशन लिया है।
पुषविंदर ने बताया कि वह जज बनना चाहती है। पिता जी को पहले ही कह दिया था कि वह स्टेट लेवल पर नाम रोशन करेगी। जो सोचा था वही हुआ। परीक्षा की तैयारी के लिए वह रात दो बजे तक पढ़ाई करती थी।
इसके अलावा पुषविंदर ने बताया कि वह साफ्टबॉल की प्लेयर है और स्टेट लेवल पर दूसरा स्थान हासिल कर चुकी है। शुरु से ही स्कूल में टॉप करती आई हूं और आगे भी मेहनत कर परिवार का नाम रोशन करती रहूंगी।