पुलिस ने वाहन चालकों के लिए नई सलाह जारी की है। नेशनल हाईवे-44 पर जम्मू, हिमाचल, चंडीगढ़ व अंबाला की तरफ से भारी वाहन यूपी के नोएडा व गाजियाबाद जाने वाले वाहन चालकों को करनाल से शामली और पानीपत से सनौली होते हुए जाने को कहा गया गया है। इसी तरह नेशनल हाईवे-71ए के जरिए गोहाना, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी से होते हुए दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब व चंडीगढ़ से आने वाले हल्के वाहन दिल्ली व गुरुग्राम जाने के लिए गन्नौर-खुबडू डबल नहर रोड व नेशनल हाईवे-44 का इस्तेमाल करते हुए बहालगढ़ से बागपत, खेकड़ा, लोनी बॉर्डर से होते हुए दिल्ली जा सकते हैं। सोनीपत से दिल्ली जाने वाले हल्के वाहन चालक लामपुर बार्डर, सफियाबाद, मनौली, दहिसरा से होते हुए जा सकते है।
किसानों के केएमपी पर 24 घंटे के जाम की चेतावनी को लेकर पुलिस अलर्ट है। हर स्थिति से निपटने के लिए भी तैयार हैं। पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। जिले में हर गतिविधि पर नजर रहेगी। डीएसपी, थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी मौके पर मौजूद रहेंगे। कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत।
किसान 13 को दिल्ली के बॉर्डर पर मनाएंगे बैसाखी
13 अप्र्रैल को बैसाखी का पर्व दिल्ली के सभी बॉर्डर पर मनाया जाएगा। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर संविधान बचाओ दिवस मनाया जाएगा। एक मई को दिल्ली के बॉर्डर पर मजदूर दिवस मनाया जाएगा। किसानों का कहना है कि इस दिन सभी कार्यक्रम मजदूर और किसान एकता को समर्पित होंगे।
मई के पहले हफ्ते में संसद कूच किया जाएगा। किसानों का दावा है कि इस पैदल मार्च में महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लेंगी और यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से होगा। अपने गांव व शहरों से किसान दिल्ली बॉर्डर तक अपने वाहनों से आएंगे। इसके बाद दिल्ली बॉर्डर से संसद तक पैदल मार्च किया जाएगा।