गुस्साए लोगों ने हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी
हल्लोमाजरा में नगर निगम द्वारा सीवरेज की पाइप डालने के लिए कई सप्ताह पहले खोदे गड्ढे में खेलते-खेलते दो बच्चे गिर गए। गड्ढे में बरसाती पानी भरा था। इस घटना से गुस्साए लोगों ने हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक बाधित रखा।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को दोपहर हल्लोमाजरा में दो बच्चे अजय कुमार (7) और प्रिंस (9) खेल रहे थे। खेलते खेलते वह निगम द्वारा सीवरेज की पाइप डालने के लिए खोदे गए करीब पांच-छह फुट गहरे गड्ढे में गिर गए। घटना का पता चलते ही मौके पर कई लोग इकट्ठे हो गए और तुरंत बच्चों को निकाल लिया। लोगों में निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ गहरा रोष दिखा और उन्होंने हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर जाम लगाकर प्रशासन व निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
हल्लोमाजरा निवासी महिला प्रीतम कौर ने बताया कि लोगों के प्रयास से दोनों बच्चों की जान तो बच गई। लेकिन निगम के कर्मी गड्ढे खोदकर चले गए और सीवरेज की पाइप नहीं डाली। जिससे आए दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के साथ चंडीगढ़ कांग्रेस के महासचिव शशि शंकर तिवारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। लोगों के प्रदर्शन की खबर सुनकर मौके पर भारी पुलिस बल व निगम के कई अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने मौके पर गड्ढों का मुआयना कर तुरंत सीवरेज पाइप डलवाने का काम शुरू कराया।
शशिशंकर तिवारी ने कहा कि निगम व प्रशासन की अनदेखी के कारण लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। अगर लोगों ने बच्चों को न देखा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। अगर जल्द इस काम पूरा नहीं किया तो वह स्थानीय लोगों के साथ निगम, पार्षद और प्रशासनिक कार्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे।