छात्र नेता की हत्या के मामले में मृतक के परिजनों और इनसो कार्यकर्ताओं ने सड़क पर घंटे भर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क भी बंद रही, जिसे बाद में खुलवा दिया गया। पुलिस के आला अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
जींद निवासी इनसो नेता प्रदीप खटकड़ के हत्यारों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर उसके परिजनों व इनसो कार्यकर्ताओं ने जीएमएसएच 16 अस्पताल के बाहर सड़क पर जमकर यूटी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस ने प्रदीप पर हमले के मामले में सचिन नेहरा, नरिंदर गुज्जर, अमित सहरावत, प्रदीप मलिक , संजीव मलिक, हरजीत मान और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। ये सभी एसएसए छात्र संगठन से जुडे़ है। लेकिन अब तक सिर्फ सचिन नेहरा को ही गिरफ्तार किया गया है, बाकि पांचों आरोपी आजाद घूम रहे हैं।
इनसो कार्यकर्ताओं के सड़क पर धरना देने की सूचना पाकर मौके पर डीएसपी क्राइम पवन कुमार और एसएचओ सेक्टर 17 मौकेपर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत किया।
पुलिस को सात दिन का अल्टीमेटम
इनसो कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सात दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होेंने कहा कि अगर पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तो वे भूख हड़ताल करेंगे। इस समय मामला पुलिस की क्राइम ब्रांच के पास है।
शव परिजनों को सौंपा
इसी बीच शनिवार को जीएमएसएच 16 में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया और परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए जींद ले गए।
ये है मामला
इस साल आठ जनवरी को प्रदीप खटकड़ जिला अदालत में पेशी के लिए आया था। पेशी के बाद जब वह सेक्टर 44 में एक जूस की दुकान पर अपने साथियों के साथ खड़ा था तो दूसरे छात्र संगठन के दो दर्जन सदस्यों द्वारा उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले के बाद से ही वह अब तक कोमा में था और शुक्रवार गुड़गांव से पीजीआई लाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई ।