जीरकपुर। शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर एक होटल में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन युवतियों को छुड़ाया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि लॉटरी बाजार के पीछे रिहायशी इलाके में एक होटल की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर जीरकपुर पुलिस ने टीम गठित कर होटल पर अचानक छापा मारा।
छापे के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया और संदिग्ध हालात में मौजूद लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रेस्क्यू की गई तीन युवतियां बिहार और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। आरोप है कि उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से बचने के लिए होटल संचालकों ने पहचान छिपाने के लिए होटल का बोर्ड तक हटा दिया था और गुप्त रूप से धंधा चलाया जा रहा था। लंबे समय से यहां संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें भी मिल रही थीं।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने होटल को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में मानव तस्करी या संगठित गिरोह के तार सामने आते हैं तो मामले में और गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत जताई है और अवैध गतिविधियों पर अंकुश की उम्मीद जताई है। एएसपी गजलप्रीत कौर का कहना है कि होटल का नाम सनसिटी है। पुलिस बीट बाॅक्स में मिली शिकायत के आधार पर जांच की। आरोपियों की जांच की जा रही है।