नवंबर के आखिरी हफ्ते की आमद के साथ ही नगर निगम की उम्मीदें भी बढ़ रही हैं। निगम अधिकारियों को उम्मीद है कि आखिरी हफ्ते में प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने को लेकर लोगों की लाइनें लगेंगी।
प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर लोगों का रिस्पॉन्स काफी अच्छा रहा। इसके बाद निगम ने अब टैक्स जमा कराने के कैंपों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है।
एक तरफ कई संस्थाएं प्रॉपर्टी टैक्स के विरोध में आंदोलन कर रही हैं। दूसरी तरफ निगम धीरे-धीरे टैक्स के बारे में जागरूक कर रहा है।
सरकार ने इस साल तीस नवंबर तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने वालों को दस फीसदी छूट देने का ऐलान किया था। निगम अधिकारियों को भी लग रहा था कि यह ट्रंप कार्ड साबित होगा।
शुरुआत में बेशक लोग न आएं, पर आखिरी हफ्ते में एकाएक टैक्स जमा कराने वालों की भीड़ उमड़ेगी। बीस नवंबर का रिस्पॉन्स काफी अच्छा रहा।
बुधवार को प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में आठ लाख रुपये जमा कराए गए। जिसे देखते हुए नगर निगम ने अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के कैंपों की संख्या पांच से बढ़ाकर 16 करने का फैसला किया है। ताकि लोगों को अपने घरों के पास ही टैक्स जमा कराने की सुविधा मिल सके।
निगम कमिश्नर उमाशंकर गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे तीस नवंबर तक टैक्स जमा करवा कर छूट का फायदा लें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए अब हर फेज व सेक्टर में कैंप लगाए जाएंगे। जहां एक अधिकारी व दो कर्मचारी तैनात होंगे। इन कैंपों में जानकारी लेने के साथ टैक्स भी जमा कराया जा सकेगा।
यहां लगेंगे कैंप
- फेज सात में रिलायंस फ्रेश ब्लॉक में फुटपाथ पर
- फेज 11 में नेबरहुड पार्क शॉपिंग सेंटर रोड के फुटपाथ पर
- सेक्टर 70 में
- मटौर के सामने पार्क में
- फेज 3बी2 मार्केट में
- गुरुद्वारा साचा धन साहिब के सामने
- फेज एक में डीसी दफ्तर के पास
- फेज दो के कम्युनिटी सेंटर में
- फेज सात इंडस्ट्रियल एरिया में
- एमआईए भवन में
- पीटीएल के सामने
- फायर ब्रिगेड दफ्तर के बाहर
- शिवालिक स्कूल के पीछे वाली पार्किंग में
- इंडस्ट्रियल एरिया फेज नौ में फिलिप्स के सामने पार्क में
- फेज नौ में मैजेस्टिक होटल के सामने
- नगर निगम दफ्तर में